नई दिल्ली : देश में कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राजभवनों में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राष्ट्रपति ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही कई राज्यों में नौ राज्यपाल और उपराज्यपालों की नियुक्ति भी की गई है। इस फैसले के तहत अलग-अलग राज्यों में जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नए आदेश के बाद कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अधिकारियों को महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी दी गई है।
तेलंगाना के राज्यपाल… : राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है।
- उत्तर प्रदेश से भाजपा के वरिष्ठ नेता और लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय।
- राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं और संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
- केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
- हाल के वर्षों में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल… : तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
- त्रिपुरा के वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री।
- त्रिपुरा की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और कई बार विधायक रहे।
- शिक्षा, वित्त और योजना जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
- त्रिपुरा के राजघराने से जुड़े होने के कारण सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव रखते हैं।
नगालैंड के राज्यपाल : नगालैंड में नंद किशोर यादव को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ये लंबे समय तक बिहार की राज्य राजनीति में सक्रिय थे।
- बिहार के अनुभवी भाजपा नेता और लंबे समय तक राज्य राजनीति में सक्रिय।
- बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं, खासकर सड़क निर्माण विभाग संभाला।
- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
- पटना क्षेत्र की राजनीति में मजबूत जनाधार रखने वाले नेता माने जाते हैं।
बिहार के राज्यपाल… : बिहार में पूर्व सैन्य अधिकारी जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को राज्यपाल बनाया गया है। इससे पहले इन्होंने कश्मीर में भी कमांडर के रूप में बड़ी जिम्मेदारी निभाई है।
- भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी और लेफ्टिनेंट जनरल पद से सेवानिवृत्त।
- कश्मीर में 15 कोर के कमांडर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
- सैन्य रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
- सेवानिवृत्ति के बाद रक्षा और सुरक्षा मुद्दों पर विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल… : तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को अब पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में डॉ. सीवी आनंद बोस राज्यपाल थे, जिनका इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। इस बदलाव के बाद आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल के राजभवन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से इन्होंने पुलिस सेवा में भी काम किया।
- भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी और खुफिया ब्यूरो में लंबे समय तक कार्य किया।
- केंद्र सरकार के नागा शांति वार्ता के वार्ताकार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- नगालैंड के राज्यपाल और बाद में तमिलनाडु के राज्यपाल रहे।
- आंतरिक सुरक्षा और पूर्वोत्तर मामलों के जानकार माने जाते हैं।
तमिलनाडु के राज्यपाल… : तमिलनाडु में राज्यपाल पद की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को दी गई है। उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसका मतलब यह है कि वह केरल के साथ-साथ फिलहाल तमिलनाडु के राजभवन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और गोवा की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय।
- गोवा विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं।
- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं और वर्तमान में केरल के राज्यपाल हैं।
- संगठनात्मक राजनीति और संसदीय कार्यों में अनुभव रखते हैं।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल… : लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है।
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता और जम्मू क्षेत्र से राजनीति करते हैं।
- जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं।
- राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में भी कार्य किया।
- लंबे समय तक भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई।
लद्दाख के उपराज्यपाल… : दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले विनय कुमार सक्सेना दिल्ली के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी संंभाल रहे थे।
- सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े रहे वरिष्ठ प्रशासक।
- खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
- दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली।
- ग्रामीण विकास और स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए काम किया।
दिल्ली के उपराज्यपाल… : पूर्व नौकरशाह तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है।
भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और अनुभवी कूटनीतिज्ञ।
- अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्य कर चुके हैं।
- श्रीलंका और अफगानिस्तान में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
- भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
