झारखंड : रांची में BJP नेता के घर पर पथराव-गोलीबारी, क्रिकेट विवाद के बाद चाकूबाजी; 4 युवक हिरासत में

Ranchi-BJP-Cricket-Firing

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पंडरा ओपी के बैंक कॉलोनी स्थित विकास नगर में दोपहर करीब 1:14 बजे भाजपा नेता अनिल पांडेय के आवास को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने न केवल घर पर पथराव किया, बल्कि ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत क्रिकेट मैच से हुई थी।

क्रिकेट के मैदान से घर की दहलीज तक पहुंचा विवाद : मिली जानकारी के मुताबिक, 24 मार्च को रांची के ओटीसी ग्राउंड में मैच खेला जा रहा था। उस समय मामूली कहासुनी हो गई थी। बाद में विवाद इतना बढ़ा कि बिरला मैदान के पास रहने वाले एक युवक को अनिल पांडेय के बेटे मंतोष पांडेय के दोस्तों ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आज मधुकम निवासी आर्यन मेहता और मोनू खलखो अपने साथियों के साथ विकास नगर पहुंचे और भाजपा नेता के घर पर धावा बोल दिया।

दोनों पक्षों से कई राउंड चली गोलियां : भाजपा नेता अनिल पांडेय का दावा है कि हमलावरों ने उनके घर पर लगभग 10 राउंड गोलियां चलाईं। वहीं, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि हमले के जवाब में भाजपा नेता की ओर से भी अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की गई। घटना के बाद हमलावरों ने जमकर पत्थरबाजी की, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोग सहम गए।

गोली कांड के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका : वारदात की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अब तक चार युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।