बिहार : आज सम्राट चौधरी 24वें मुख्यमंत्री के तौर पर लेंगे शपथ, ‘सम्राट सरकार’ में JDU कोटे से दो डिप्टी सीएम

Bihar-Samrat-New-CM-BJP

पटना : बिहार में आज से ‘सम्राट सरकार’ की शुरुआत हो रही है। सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह है। वरिष्ठ नेता और नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे सम्राट चौधरी बिहार के नए सरताज होंगे। मंगलवार को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इसका प्रस्ताव कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखा, जिस पर सभी ने अपनी सहमति दी। नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने लोकभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.) सैयद अता हसनैन के समक्ष नई सरकार के गठन का दावा पेश किया। राज्यपाल ने सम्राट चौधरी का दावा स्वीकार करते हुए उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।

आज सुबह सुबह 10.50 बजे लोकभवन में शपथ : आज सुबह सुबह 10.50 बजे लोकभवन में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार में पहली बार जदयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री होंगे। विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में मंगलवार शाम साढ़े चार बजे एनडीए विधानमंडल दल की बैठक हुई। नीतीश कुमार, शिवराज सिंह चौहान समेत एनडीए के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में सम्राट को नेता चुना गया। इसके बाद नीतीश कुमार ने सम्राट को माला पहनाई। वहीं, सम्राट ने नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। नीतीश कुमार ने वहां मौजूद सभी नेताओं से ताली भी बजवाई।

सम्राट के साथ बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी भी लेंगे शपथ : सम्राट चौधरी के साथ जदयू की ओर से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी मंत्री पद की शपथ लेंगे। दोनों नेता नई सरकार में उपमुख्यमंत्री होंगे। तीनों के शपथ ग्रहण के बाद राज्य मंत्रिमंडल में मंत्रियों के 33 पद रिक्त रहेंगे। बंगाल चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार के आसार हैं। तब शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, जेपी नड्डा, शिवराज चौहान, बीएल संतोष, विनोद तावड़े और दीपक प्रकाश जैसे वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कौन हैं? :

  • सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। 15 अप्रैल 2026 को सीएम पद की शपथ लेंगे।
  • सम्राट का जन्म 1968 में मुंगेर में हुआ। इनके पिता शकुनी चौधरी भी दिग्गज राजनेता और सांसद रहे हैं।
  • राजनीति की शुरुआत RJD से की और राबड़ी सरकार में मंत्री रहे। बाद में JDU और फिर 2017 में भाजपा में शामिल हुए।
  • मुख्यमंत्री बनने से पहले वे बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री (वित्त मंत्री) रह चुके हैं।
  • राज्य के प्रभावशाली कोइरी (कुशवाहा) समाज से आते हैं और बिहार में भाजपा के प्रमुख ओबीसी (OBC) चेहरा माने जाते हैं।

बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे सम्राट चौधरी : कुल मिलाकर बिहार की सियासत में एक ऐतिहासिक युग का आज से परिवर्तन हो रहा है। सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर कमान संभालेंगे। इसके साथ ही नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल का अंत हुआ। बिहार में सत्ता की केंद्र में पिछले 20 साल से नीतीश कुमार बने रहे। भाजपा और एनडीए विधायकों ने सम्राट चौधर को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना है। आज से बिहार का राजकाज सम्राट चौधरी के हाथों में है। उन्होंने लालू यादव, नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी जैसे दिग्गजों के साथ काम किया है। पिछले कुछ वर्षों में वे बिहार में भाजपा के सबसे सशक्त चेहरे बनकर उभरे हैं, जो अब राज्य की सत्ता के शिखर पर हैं।