धनबाद : झारखंड में धनबाद के बहुचर्चित कोयला कारोबारी और पूर्व कांग्रेस नेता सुरेश सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शशि सिंह की तलाश में धनबाद पुलिस ने एक बार फिर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लगभग 15 साल से फरार चल रहे शशि सिंह के सरायढेला स्थित आलीशान आवास ‘पृथ्वी मेंशन’ में पुलिस की टीम छापेमारी की। हालांकि, घंटों चली तलाशी के बाद भी शशि सिंह का कोई सुराग नहीं मिला। शशि सिंह धनबाद के पूर्व मेयर इंदु सिंह और बलिया के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रामधीर सिंह का बेटा है।
गेट तोड़ने की धमकी के बाद खुले दरवाजे : जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वारंटियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के बीच शशि सिंह गुपचुप तरीके से धनबाद पहुंचा है। इसी इनपुट के आधार पर लगभग चार दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम ने ‘पृथ्वी मेंशन’ को चारों तरफ से घेर लिया।
शुरुआत में बंगले के गार्डों ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया, जिससे मौके पर काफी देर तक गतिरोध बना रहा। जब पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए गेट तोड़ने की चेतावनी दी, तब जाकर अंदर से दरवाजा खोला गया। पुलिस की टीम ने घर के कोने-कोने को खंगाला, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
फ्लैशबैक में जानिए धनबाद क्लब का ‘खूनी मंजर’ : यह मामला झारखंड के सबसे हाई-प्रोफाइल मर्डर्स में से एक है। 7 दिसंबर 2011 की वह रात धनबाद आज भी नहीं भूला है। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले धनबाद क्लब में एक शादी समारोह का रिसेप्शन चल रहा था। इसी दौरान सुरेश सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी शशि सिंह को बनाया गया था। वारदात के बाद से ही शशि सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर है। उस पर इनाम और कुर्की-जब्ती जैसी कई कार्रवाई पहले भी हो चुकी हैं।
पुलिस का यह अभियान अपराधियों में भय पैदा करने और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए है। इसी कड़ी में पृथ्वी मेंशन की तलाशी ली गई। प्रभात कुमार, एसएसपी, धनबाद
बताया जा रहा है कि इस विशेष अभियान के तहत धनबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग पांच दर्जन से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शशि सिंह की तलाश में पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों और करीबियों पर भी नजर रख रही है।
