बिहार : आज सम्राट मंत्रिमंडल के नए मंत्री लेंगे शपथ, PM मोदी-अमित शाह समेत कई नेता रहेंगे उपस्थित

Bihar-Oath-Ceremony-Cabinet-BJP

पटना : बिहार में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पूरी सरकार आकार ले लेगी। पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12 बजे से बिहार सरकार के सारे नए मंत्री शपथ लेंगे। इनमें बीजेपी, जदयू, LJP रामविलास, HAM और RLM कोटे के मंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, जहां वह बिहार कैबिनेट के विस्तार समारोह में शामिल होंगे। बिहार कैबिनेट के नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पटना में ही रहेंगे।

अमित शाह का स्वागत : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह का पटना हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वागत किया। पिछले महीने सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा की ओर से सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले नेता बने थे। भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह हवाई अड्डे से एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी और NDA के कई नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद वह रात में वहीं ठहरे हैं। रास्ते में, अमित शाह पटना हवाई अड्डे से एक किलोमीटर दूर राजवंशी नगर इलाके में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे।

नितिन नवीन समेत सारे बड़े नेता पटना में : बृहस्पतिवार को होने वाले समारोह के लिए पटना पहुंचने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हैं। नितिन नवीन पिछले वर्ष दिसंबर में पार्टी का शीर्ष पद संभालने तक राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री थे। फेसबुक पर एक पोस्ट में, सम्राट चौधरी ने कहा कि जब शाह मंदिर में दर्शन करने पहुंचे, तब नवीन और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष सहित कई अन्य नेता वहां मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राजनाथ सिंह के भी शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता, जिनमें केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी शामिल हैं, समारोह में मौजूद रहेंगे।

CM सम्राट के पास पहुंची JDU के मंत्रियों की लिस्ट : बिहार में कैबिनेट विस्तार से पहले मीटिंग और बैठकों का दौर चल रहा है। जेडीयू नेताओं ने नीतीश कुमार से चर्चा के बाद मंत्रियों की सूची सीएम सम्राट चौधरी को सौंप दी है। सबसे बड़ी चर्चा नीतीश के बेटे निशांत के नाम को लेकर है।