झारखंड : जमशेदपुर के राहुल बच्चा हत्याकांड में मुख्य आरोपी शब्बे का एनकाउंटर, दोनों पैर में लगी गोली

Jamsedpur-Firing

जमशेदपुर : झारखंड में जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुरूद्वारा बस्ती रोड मे बुधवार की रात हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी साहेब सिंह के पैर में गोली लगी है। दोनों पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर 2 पिस्टल बरामद : पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए तीनों आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र स्मृति उद्यान में ले जाया गया। आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की गई।

फायरिंग में शब्बे के पैर में लगी गोली : इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया उग्र हो गया और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर संजय की ओर से की गई फायरिंग में शब्बे के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी अत्यंत उग्र थे, पुलिस आत्मरक्षा में कार्रवाई : सिटी एसपी ने कहा कि आरोपी अत्यंत उग्र थे और पुलिस टीम की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। यदि पुलिस आत्मरक्षा में कार्रवाई नहीं करती, तो पुलिसकर्मियों की जान को खतरा हो सकता था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।