दिल्ली : भारत की कूटनीति… जुटे कई इंटरनेशनल एंबेसडर, हाई प्रोफाइल डिनर पार्टी का हुआ आयोजन

Delhi-Dinner-Party-Political

नई दिल्ली : भारत की सक्रिय कूटनीतिक पहल के तहत विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने राजधानी में तैनात विभिन्न देशों के राजदूतों के सम्मान में एक विशेष डिनर का आयोजन किया। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में कई देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां वैश्विक सहयोग, संवाद और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर सेंट किट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री डॉ. डेंजिल डगलस भी मौजूद रहे, जो इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके दौरे को भारत और सेंट किट्स एंड नेविस के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने नई दिल्ली में रेजिडेंट राजदूत के लिए एक रात्रिभोज का आयोजन किया, जिसमें सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डॉ. डेनज़िल डगलस भी शामिल हुए। डॉ. डगलस अभी नई दिल्ली की आधिकारिक यात्रा पर हैं। ITLOS में न्यायाधीश के पद (कार्यकाल 2026–35) के लिए भारत के उम्मीदवार प्रो. बिमल एन. पटेल ने भी इस राजनयिक सभा को संबोधित किया।’

भारत की कूटनीति का जलवा : कार्यक्रम में भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून न्यायाधिकरण (ITLOS) के न्यायाधीश पद (2026–35) के उम्मीदवार प्रोफेसर बिमल एन. पटेल ने भी राजनयिकों को संबोधित किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून और वैश्विक सहयोग के महत्व पर अपने विचार साझा किए। यह आयोजन भारत की कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है। इससे विभिन्न देशों के साथ सहयोग, संवाद और पारस्परिक समझ को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।