झारखंड : आज नगर निकाय का आएगा रिजल्ट, धनबाद मेयर का परिणाम सबसे देर में; 167 टेबल की व्यवस्था

Jharkhand-Chunav-Result-Dhanbad

रांची : झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए 23 फरवरी को मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी नजरें आज सुबह 8:00 बजे से शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

रात 8:00 के बाद नई मतपेटियों को नहीं खोला जाएगा : राज्य निर्वाचन आयोग ने 48 नगर निकायों की मतगणना को लेकर सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। राज्य भर में मतगणना को लेकर कल 1309 टेबल बनाए गए हैं। मतगणना सुबह 8:00 से रात 8:00 बजे तक चलेगी। रात 8:00 के बाद नई मतपेटियों को नहीं खोला जाएगा।
 
पहले पार्षद वाले मतपत्रों की होगी गिनती : राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार पहले सफेद यानी पार्षद वाले मतपत्रों की गिनती की जाएगी। इसके बाद गुलाबी मतपत्र यानी मेयर और अध्यक्ष पद के लिए पड़े वोट भी गिने जाएंगे।

धनबाद नगर निगम के मेयर पद का परिणाम सबसे देर में : धनबाद नगर निगम के मेयर पद का चुनाव परिणाम सबसे देर से आने की संभावना है, क्योंकि धनबाद नगर निगम के लिए मतों की गिनती 9 राउंड में पूरी होगी। जबकि रांची में पांच राउंड में मतों की गिनती पूरी कर ली जाएगी।

गोड्डा, पाकुड़, बुंडू, बासुकी नाथ और खूंटी का चुनाव सबसे पहले : गोड्डा नगर परिषद, पाकुड़ नगर परिषद, बुंडू नगर पंचायत, बासुकीनाथ नगर पंचायत और खूंटी नगर पंचायत के लिए मतों की गिनती सिर्फ एक राउंड में पूरी होगी।

रांची नगर निगम के लिए 225 टेबल की व्यवस्था : मतगणना का काम तेजी से पूरा करने के लिए रांची नगर निगम के लिए 225 टेबल बनाए गए हैं। जबकि धनबाद नगर निगम के लिए 167 टेबल की व्यवस्था की गई है। ऐसे में रांची नगर निगम का चुनाव परिणाम धनबाद से पहले आ जाने की संभावना है। मेदिनीनगर नगर निगम के लिए 22, हजारीबाग के लिए 85, गिरिडीह के लिए 32, देवघर के लिए 36, और चास नगर निगम के लिए 22 टेबल लगाए गए हैं। आदित्यपुर के लिए 30 और मानगो नगर निगम के लिए 48 टेबल की व्यवस्था की गई है।