रांची : झारखंड में स्थानीय नगर निकाय चुनाव के लिए 27 फरवरी को सुबह 8:00 बजे वोटों की गिनती शुरू होने के पहले ही रिजल्ट को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। राज्य के 9 नगर निगम क्षेत्रों में मेयर पद के चुनाव परिणाम को लेकर लोगों में खास उत्साह है।
धनबाद में पूर्व विधायक संजीव बनेंगे मेयर या बिगाड़ेंगे खेल : धनबाद नगर निगम नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए मुख्य मुकाबला चार प्रत्याशियों के बीच माना जा रहा है। यहां मेयर पद के लिए बीजेपी के पूर्व विधायक संजीव सिंह भी चुनाव मैदान में हैं। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी शमशेर आलम ने भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा है। इसके अलावा धनबाद की पहली मेयर इंदु देवी का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है।चंद्रशेखर अग्रवाल ने 2002 में मेयर पद पर कब्जा जमाया था, लेकिन अब इस बार भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने उन्हें कड़ी चुनौती दी है।
रांची में रमा खलखो और रोशनी के बीच कड़ा मुकाबला : रांची नगर निगम चुनाव 2026 में मुख्य रूप से तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तर से लेकर तमाम छोटे-बड़े नेताओं मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो की जीत को लेकर जमकर पसीना बहाया। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो और झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी सुजीत विजय आनंद कुजूर भी अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
मानगो में सुधा गुप्ता और संध्या सिंह के बीच टक्कर : मानगो नगर निगम चुनाव में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुधा गुप्ता और भाजपा समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह के बीच माना जा रहा है। दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के दौरान खूब पसीना बहाया। इसके अलावा कुमकुम श्रीवास्तव, शाइस्ता परवीन उर्फ जेब खान और विनीता से सहाय के नाम की भी चर्चा चुनाव में खूब रही।
मेदिनीनगर में अरुणा शंकर,नम्रता त्रिपाठी और पूनम देवी के बीच मुकाबला : मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में भी काफी दिलचस्प मुकाबला है। भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में भाजपा की तमाम वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी के लिए पूर्व मंत्री के केएन त्रिपाठी ने खूब पसीना बहाया। झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी पूनम देवी के पक्ष में पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने कैंप किया। इसके अलावा भी मेघा डाल्टन और अन्य प्रत्याशियों ने मुकाबले को दिलचस्प बनाने का प्रयास किया।
गिरिडीह में शैलेंद्र चौधरी,प्रमिला मेहरा और समीर राज के बीच टक्कर : गिरिडीह नगर निगम में भी मेयर पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। गिरिडीह नगर निगम में मेयर के लिए मुख्य रूप से भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉक्टर शैलेंद्र कुमार चौधरी और झामुमो समर्थित प्रत्याशी प्रमिला मेहरा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी डॉक्टर समीर राज चौधरी चुनाव मैदान में है। डॉ सलीम कुमार चौधरी भाजपा से जुड़े हुए हैं और बीते लंबे समय से पेशे से डॉक्टर है। इस बार में मेयर प्रत्याशी के रूप में भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया है। प्रमिला मेहरा जेएमएम से जुड़ी हुई हैं और वकील है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उन्हें समर्थन दिया है। वहीं डॉक्टर समीर राज चौधरी कांग्रेस के युवा नेता है और पिछली बार भी नगर निगम का चुनाव लड़ा था लेकिन कुछ वोटों के अंतर से हार गए थे।
चास नगर निगम में बहुकोणीय मुकाबला : बोकारो जिले में चास नगर निगम के लिए भी मुकाबला बहुकोणीय है। बोकारो में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जमील अंसारी, भाजपा समर्थित अविनाश सिंह, पूर्व मेयर भोलू पासवान, विनोद कुमार और गोपाल मुरादका के बीच टक्कर है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के अंत में जमील अंसारी, अविनाश कुमार और गोपाल मुरारिका के बीच मुकाबला सिमट गया है।
देवघर में रीता चौरसिया,रवि रावत, बाबा बलिलासे और रवि केसरी के बीच टक्कर : देवघर नगर निगम क्षेत्र में प्रत्याशी के लिए त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। यहां भाजपा समर्थित रीता चौरसिया झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित रवि रावत और कांग्रेस समर्थित रवि केसरी के बीच टक्कर होने की संभावना है। हालांकि भाजपा के बागी उम्मीदवार बाबा बलिलासे से और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बागी सूरज झा भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं।
आदित्यपुर में तीन पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा और चंपाई सोरेन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। आदित्यपुर के लिए भाजपा की ओर से संजय सरदार को अपना समर्थन दिया गया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक चंपाई सोरेन नाराज हो गए हैं उन्होंने सावित्री लेयांगी को समर्थन दिया, जबकि चुनाव में वास्को बेसरा समेत अन्य नेता चुनाव मैदान में जुटे हैं।
हजारीबाग में भाजपा-जेएमएम समर्थित उम्मीदवारों के बीच मुकाबला : हजारीबाग नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर है। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से मेयर पद के लिए सुदेश चंद्रवंशी को समर्थन दिया है। जबकि सुदेश चंद्रवंशी को कांग्रेस और झामुमो समर्थित उम्मीदवार से कड़ी टक्कर मिल रही है। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों की ओर से भी मुकाबला को दिलचस्प बनाने की कोशिश की गई है। लेकिन भाजपा सांसद मनीष जायसवाल और अन्य पार्टी नेताओं की ओर से जमकर पसीना बहाया गया।
