रांची : झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनावों से पहले 41 वार्ड के पार्षदों का निर्विरोध चुना जाना तय है, जबकि नामांकन दाखिल न होने के कारण तीन वार्ड रिक्त रह गए। झारखंड निर्वाचन आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के लिए मतदान 23 फरवरी को होने हैं जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी।
41 पार्षद निर्विरोध चुने गए : झारखंड में नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,087 वार्ड में 48 महापौरों या अध्यक्षों और पार्षदों के पदों के लिए चुनाव निर्धारित हैं। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कुल 41 पार्षद उनके वार्ड से एक-एक नामांकन प्राप्त करने के बाद निर्विरोध चुने गए।
तीन वार्ड में कोई नामांकन नहीं : राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि तीन वार्ड में कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने के बाद ये रिक्त रह गए हैं। उन्होंने कहा कि डोमचांच नगर पंचायत (कोडरमा) के वार्ड पांच और 11 तथा जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के वार्ड 22 से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
5,569 उम्मीदवार चुनाव मैदान में : नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी को शुरू हुई और चार फरवरी को समाप्त हुई, जबकि नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया छह फरवरी को समाप्त हुई। महापौर के पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षद के पद के लिए 5,569 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 2,727 महिलाएं शामिल हैं।
43.33 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट : इन चुनावों में 43.33 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। झारखंड में निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चुनावी चिन्हों पर नहीं लड़े जाते हैं, लेकिन उम्मीदवारों को इन संगठनों का समर्थन प्राप्त होता है।
