झारखंड : स्थानीय सरकार चुनने के लिए वोटिंग आज, 43.43 लाख वोटर; महापौर-अध्यक्ष के लिए 562 प्रत्याशी

Jharkhand-Nikay-Chunav-Aaj

रांची : झारखंड में रांची समेत 48 शहरी स्थानीय निकायों में आज सोमवार को चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। चुनाव में 43.43 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में मतदान दलों को चुनाव सामग्रियों के साथ रवाना कर दिया गया और वो सभी देर शाम तक अपने-अपने गंतव्यों पर पहुंच गए।

मतगणना 27 फरवरी को : मतगणना 27 फरवरी को होगी। उन्होंने कहा कि नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,042 वार्ड में महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए चुनाव होने हैं। 48 शहरी निकाय में 1,087 वार्ड हैं, लेकिन चुनाव 1,042 वार्ड में होंगे, क्योंकि 41 पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने के बाद तीन वार्ड खाली रह गए और मानगो नगर निगम के एक वार्ड में एक उम्मीदवार की मृत्यु के बाद चुनाव रद्द कर दिया गया है।

महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 562 उम्मीदवार मैदान में : महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 235 महिलाओं सहित 562 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 2,727 महिलाओं सहित 5,562 उम्मीदवार वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव के लिए कुल 4,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

दलीय आधार पर चुनाव नहीं,उम्मीदवारों को समर्थन : झारखंड में शहरी निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्ह के आधार पर नहीं लड़े जाते हैं, लेकिन उम्मीदवारों को संगठनों का समर्थन प्राप्त होता है।