रांची : झारखंड में मार्च की शुरुआत में गर्मी का रिकॉर्ड बना, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों के दौरान रांची समेत अन्य जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से अथिकतम तापमान में गिरावट आई। रांची में दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री तो रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक कम हो गया। लेकिन अब फिर एक बार गर्मी में बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि 27 मार्च से बारिश के बाद फिर तापमान में कमी आने की संभावना है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव : रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग कार्यालय से मिली अनुसार पूर्वी बांग्लादेश में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में ऐसा उतार-चढ़ाव आया है। विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले सात साल में पहली बार मार्च में ऐसा मौसम रहा है।
मौसम एक बार फिर करवट लेगा : मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के तापमान में अगले कुछ दिनों तक वृद्धि होने वाली है। इसके बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। अगले चार दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का असर साफ दिखेगा।
26 से 28 के बीच फिर से बारिश का अनुमान : 26 से 28 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। 26 मार्च के दक्षिणी भागों जैसे, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां में मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश शुरू हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
27 और 28 मार्च को रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना है। इससे पहले 25 मार्च को राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे, मौसम शुष्क रहेगा। 26 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां में बारिश हो सकती है। 27-28 मार्च को गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
रांची में तापमान सामान्य से कम : राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। जमशेदपुर और बोकारो में भी अधिकतम तापमान सामान्य से क्रमशः 6.5 डिग्री और 6.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
