रांची/पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले के मंडल कारा में एक विचाराधीन महिला ने बाथरूम में आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। मृतक महिला कैदी की पहचान नगर थाना अंतर्गत कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले की जानकारी मिलते ही पाकुड़ के एसपी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी मंडल कारा पहुंची और जेल अधीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ की।
घटना के बारे में पुलिसकर्मियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आत्महत्या का बताया है। बताया कि मृतक महिला पर अपने पति झंडू हांसदा की हत्या का आरोप था। इस संबंध में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विचाराधीन कैदी के रूप में मंडल कारा में रखा था। मंडल कारा स्थित बाथरूम में संझली हेंब्रम के आत्महत्या करने की सूचना मिली। जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीसी व एसपी मंडल कारा पहुंचे : घटना की सूचना के बाद डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा पहुंचे। उन्होंने मामले की गहन जांच की और कारा में मौजूद कर्मियों से पूछताछ की। अधिकारियों ने तकनीकी पहलुओं पर भी आवश्यक जानकारी ली।
पूछताछ के बाद डीसी मनीष कुमार ने बताया कि एक महिला कैदी ने मंडल कारा में आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि महिला ने बाथरूम में आत्महत्या की थी और उसे सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी निधि द्विवेदी ने भी बताया कि महिला कैदी ने आत्महत्या की है और फिलहाल मामले की जांच जारी है।
