झारखंड : सेना के जवान का साइकिल शेड में फंदे से लटकता मिला शव, 20 फरवरी को हुई थी शादी

Ranchi-Army-Man-Death

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में 26 वर्षीय सेना के एक जवान को सोमवार को एक साइकिल शेड में फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान अमन कुमार (26) के रूप में की गई है। उनका शव धुर्वा पुलिस थाना क्षेत्र के एचएमटीपी गोलचक्कर के पास साइकिल शेड में मिला।

परिवार के सदस्यों को हत्या का संदेह : धुर्वा पुलिस थाना प्रभारी अधिकारी विमल किंडो ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) भेज दिया है। पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लगता है, हालांकि उनके परिवार के सदस्यों को हत्या का संदेह है। जवान छुट्टी पर रांची आया था। किंडो ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक लाइटर, रस्सी, एक मोबाइल फोन और सिगरेट बरामद की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

होली की छुट्टी में आया था घर : घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अमन यादव जगन्नाथपुर क्षेत्र के शिव मंदिर के पास का रहने वाला था। मृतक के पिता ने बताया कि अमन भारतीय सेना का जवान था और उसकी पोस्टिंग दिल्ली में थी। वह होली की छुट्टी में घर आया हुआ था और सोमवार को उसे वापस ड्यूटी पर लौटना था।

20 फरवरी को हुई थी शादी : साथ ही उन्होंने बताया कि अमन की शादी 20 फरवरी, 2026 को हुई थी और छुट्टी खत्म होने के बाद उसने ड्यूटी ज्वाइन की थी। घटनास्थल की तस्वीरों में जो स्थिति दिख रही है, उससे मामला और भी संदिग्ध लग रहा है। क्योंकि मृतक के दोनों पैर पूरी तरह जमीन को छू रहे थे, ऐसा लग रहा था जैसे वो खड़ा हो, यह घटना सामान्य आत्महत्या जैसी प्रतीत नहीं हो रही। साथ ही जवान के शव के पास उसकी बाइक मिली।