रांची : झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने रश्मि कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर विजय दास हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में विजय दास की हत्या की गई। विजय दास ने शादी से इनकार कर दिया था। इस पर उसकी प्रेमिका ने अपने भाई और बहन के साथ मिलकर विजय की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रेमिका रौशनी देवी, उसकी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश बैठा को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के बाद कुएं में फेंका था शव : रांची जिले की दलादली पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया स्थित एक कुएं से विजय दास का शव बरामद किया है। आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव को बाइक से बांधकर कुएं में डाल दिया था। पुलिस ने आरोपियों के घर से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। बता दें, इस मामले को लेकर सरायकेला निवासी अजय दास ने 3 मार्च को दलादली ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पहले पिलाई शराब, फिर चाकू से रेता गला : ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रौशनी देवी और विजय के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रौशनी के अनुसार, विजय ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब उसने शादी का दबाव बनाया तो विजय ने साफ इनकार कर दिया। इसी प्रतिशोध में रौशनी ने अपने भाई-बहन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
रौशनी देवी और विजय के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रोशनी ने जब विजय से शादी करने की बात कही तो विजय ने इनकार कर दिया।इसी वजह से विजय की हत्या की गई। प्रवीण पुष्कर, ग्रामीण एसपी
नवनिर्मित मकान में दिया वारदात को अंजाम : एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि साजिश के तहत 24 फरवरी को रौशनी, विजय को बेड़ो के जरिया स्थित एक नवनिर्मित मकान में ले गई। वहां उसकी बहन सीमा और भाई भूपेश पहले से मौजूद थे। सभी ने मिलकर वहां शराब पी। जब विजय अत्यधिक नशे की हालत में हो गया, तब रौशनी ने मौका पाकर चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद उसके पेट पर भी वार किए, जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई।
