विधानसभा चुनाव : आज असम, केरल और पुदुचेरी में हुआ मतदान, 2021 से ज्यादा वोटिंग हुआ दर्ज

State-Election-Percentage

नई दिल्ली : असम, केरल और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में आज मतदान का दिन रहा। शाम छह बजे तक वोटिंग खत्म होने तक जहां असम-पुडुचेरी में 2021 से ज्यादा मतदान दर्ज हुआ, वहीं केरल भी पिछले चुनाव से ज्यादा मतदान दर्ज करने के करीब दिखा। तीन राज्यों के कुल 5.31 करोड़ मतदाता आज जोर-शोर से नई सरकार का फैसला करने के लिए सुबह से मतदान केंद्रों के बाहर जुटे रहे। इसके साथ ही आज 1,899 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। मतदातों को वोट डालने के लिए चुनाव आयोग ने कुल 63,060 मतदान केंद्र बनाए हैं।

केरल की 140 सीटों के लिए 883 उम्मीदवार मैदान में : केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए 883 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला राज्य के  2.71 करोड़ मतदाता करेंगे। इनमें 1.39 करोड़ महिला मतदाता तो 1.32 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। सुचारू रूप से मतदान के लिए 30,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में 75.75% वोटिंग हुई थी।  राज्य की कुट्टियाडी विधानसभा सीट पर 2021 में सबसे ज्यादा मतदान हुआ था। यहां के 83.83% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। वहीं, तिरुवनंतपुरम विधानसभा सीट पर सबसे कम मतदान हुआ था। यहां सिर्फ 62.99% लोगों ने वोट डाला था।

क्या असम में टूटेगा 2021 का रिकॉर्ड? : असम विधानसभा की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य के 2.50 करोड़ मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में  1.25 करोड़ पुरुष और 1.25 करोड़ महिलाएं हैं। वोट डालने के लिए राज्यभर में 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में असम में 82.02% मतदान हुआ था।

नए सिरे से हुए परिसीमन और एसआईआर के बाद हो रहे इस चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड बन सकता है। 2021 में सबसे ज्यादा मतदान जलेश्वर विधानसभा सीट पर हुआ था। वहीं, सबसे कम वोटिंग गुवाहाटी पूर्व सीट पर हुई थी। जलेश्वर सीट पर  93.65% वोटिंग हुई थी। वहीं, गुवाहाटी पूर्व सीट पर 71.4% लोगों ने वोट डाला था।  

पुदुचेरी की 30 सीटों पर 294 उम्मीदवार : 30 विधानसभा सीटों वाली पुदुचेरी में कुल 294 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। यहां के 9.50 लाख मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। पुदुचेरी में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। यहां 4.46 लाख पुरुष मतदाता हैं। पुदुचेरी में महिला मतदाताओं की संख्या 5.03 है। सुचारू मतदान के लिए इस केंद्र शासित प्रदेश में 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।  

2021 के चुनाव की बात करें तो यहां 83.28% वोटिंग हुई थी। यानम विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 92.31% मतदात हुआ था। वहीं, राजभवन विधानसभा सीट पर सबसे कम 73.93% वोटिंग हुई थी।