लातेहार : महाशिवरात्रि के अवसर पर लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत पचफेड़ी के पास रविवार देर शाम अफरा-तफरी मच गई, जब शिव बारात के दौरान एक अनियंत्रित थार वाहन भीड़ में घुस गया और कई वाहनों को टक्कर मार दी। हालांकि, हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
नशे की हालत में था चालक : जानकारी के अनुसार, थार (जेएच-01EY-0049) मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी। वाहन गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक नशे की हालत में था और वाहन में एक महिला भी सवार थी। इस दौरान शिव बारात की झांकी देख रहे श्रद्धालुओं के बीच वाहन ने एक बाइक और एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस हिरासत में आरोपी : घटना के बाद लोगों ने देखा कि थार पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगा हुआ था और वाहन के अंदर ‘प्रशासन’ लिखा था। इसे देखकर भीड़ और अधिक उग्र हो गई। स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर वाहन समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक प्रमोद कुमार मनिका थाना में पुलिस हिरासत में थे। पूछे जाने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
