झारखंड : गिरिडीह में रिश्तेदार के घर छिपे थे 2 कुख्यात नक्सली, बिहार STF ने घेराबंदी कर दबोचा

Giridih-Naxal-Arrest-Bihar-STF

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में नक्सलियों के खिलाफ आधीरात को बिहार एसटीएफ ने कार्रवाई की। पटना एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस के संयुक्त दस्ते ने घेराबंदी कर दो कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जमुई निवासी पंकज यादव और कोडरमा निवासी पवन सिंह के रूप में हुई। ये दोनों आरोपी जमुई के चरकापत्थर इलाके में एक पूर्व नक्सली लखन यादव को गोली मारने के बाद से फरार चल रहे थे।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई ने नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। गिरिडीह एसपी बिमल कुमार के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने एसटीएफ को पूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिसके बाद यह सफल ऑपरेशन संभव हो सका।

गुप्त सूचना पर मंझलाटोल में घेराबंदी : बिहार STF को इनपुट मिला था कि जमुई कांड के दो नामजद नक्सली बेंगाबाद के मझलाटोल गांव में अपने किसी रिश्तेदार के घर शरण लिए हुए हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में टीम गिरिडीह पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर गांव की रणनीतिक घेराबंदी की गई, जिससे आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

नक्सली कांडों का लंबा आपराधिक इतिहास : गिरफ्तार नक्सली पंकज और पवन भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। इनके खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थानों में कई मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, इनका आतंक झारखंड के गिरिडीह (तिसरी ब्लॉक) और कोडरमा के सतगांवा थाना क्षेत्रों तक फैला हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों कई हिंसक नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

लखन यादव पर जानलेवा हमले के बाद थे फरार : बिहार एसटीएफ ने बताया कि हाल ही में इन दोनों ने चरकापत्थर क्षेत्र में जेल से बेल पर बाहर आए लखन यादव नाम के व्यक्ति को गोली मारी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीमें इनकी तलाश में जुटी थीं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनके बताए ठिकानों पर अन्य सहयोगियों की तलाश में भी छापेमारी की है। बिहार एसटीएफ के लिए ये बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

संयुक्त ऑपरेशन के बाद ट्रांजिट रिमांड : सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बिहार पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। पुलिस अब इनके पास से बरामद इनपुट के आधार पर आगे की जांच कर रही है।