झारखंड : वासेपुर गैंगस्टर प्रिंस खान का सुजीत सिन्हा गिरोह के साथ गठजोड़, कई व्हाइट कॉलर से कनेक्शन!

Jharkhand-Gangster-Prince-Sujit

रांची : झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान का संबंध कई व्हाइट-कॉलर से संबंध होने की बात सामने आई है। वहीं प्रिंस खान के गुर्गे की ओर से कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह के साथ मिलकर कई घटनाओं को अंजाम देने की भी जानकारी मिली है।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार के बताया कि गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े 60 बैंक खातों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। जबकि प्रिंस खान का संबंध कई व्हाइट-कॉलर से भी होने की प्रारंभिक सूचना मिली है। इस बारे में और गहन छानबीन की जा रही है।

रेस्टोरेंट में 7 मार्च को की गई थी फायरिंग : एसएसपी ने बताया कि 7 मार्च को राजधानी में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट के संचालक को गैंगस्टर प्रिंस खान के सहयोगियों की ओर से निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन इस फायरिंग की घटना में होटल के स्टाफ मनीष गोप की मौत गोली लगने से हो गई। इस मामले में छानबीन के लिए पुलिस की ओर से एसआईटी का गठन किया गया था।

धनबाद पुलिस के सहयोग से 4 अपराधी गिरफ्तार : हटिया डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों में विक्की डोम, कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट, पप्पू भुइयां और मो० शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर शामिल है। कुबेर पलामू जिले का रहने वाला है, जबकि तीन अन्य अपराधी धनबाद के रहने वाले है।

मुठभेड़ में घायल अपराधी धनबाद में इलाजरत : एसएसपी ने बताया कि सोमवार 16 मार्च की सुबह धनबाद में बोरागढ़ और भागाबांध ओपी के सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत खंडहरनुमा मकान में प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के छिपे रहने की सूचना मिली। जिसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई, लेकिन अपराधियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। इस मुठभेड़ में विक्की और कुबेर पैर में गोली लगने से जख्मी हो गया, जबकि अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट कोहली को भागने के दौरान जख्मी हो गया। तीनों आरोपी फिलहाल में धनबाद में इलाजरत है।

मुठभेड़ में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त : मुठभेड़ के दौरान धनबाद पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। जबकि घटनास्थल से अवैध आर्म्स एमुनेशन और खोखा को बरामद किया गया है। इस संबंध में पुटकी थाना में भी मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की की निशानदेही पर रांची में गोलीबारी करने के मामले में पप्पु भुइया और मो० शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है।

प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के बारे में कई जानकारियां मिली : पुलिस के जानकारी मिली है कि प्रिंस खान इन दिनों कुख्यात सुजीत सिन्हा के साथ मिलकर घटना को अंजाम दे रहा है। वर्तमान में दोनों गिरोह एक ही साथ मिलकर काम कर रहे है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के क्रम में दोनों आपराधिक गिरोह के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई है और जल्द ही पुलिस बड़ा खुलासा कर सकती है।