झारखंड : चतरा में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ईंट भट्ठा मालिक पर लगा हत्या का आरोप 

Chatra-Labour-Death-Murder

चतरा : झारखंड के चतरा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है। ईंट भट्ठे पर काम करने गए एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मजदूर की निर्मम हत्या की गई है और इस हत्या का सीधा आरोप ईंट भट्ठा मालिक पर लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला : घटना चतरा जिले के वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान करमा पंचायत के मदनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय विनोद गंजू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, विनोद बीते गुरुवार को करैली बार पंचायत के निमियाटांड़ स्थित विनोद भारती और सोनू भारती के ईंट भट्ठे पर काम करने गया था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात भट्ठा जलाने की खुशी में मालिकों द्वारा शराब और मुर्गा की पार्टी दी गई थी। सभी मजदूरों ने साथ मिलकर जश्न मनाया, लेकिन विनोद उस रात घर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार की सुबह उसका शव भट्ठे के पास एक गड्ढे से बरामद हुआ।

मृतक की पत्नी का आरोप है कि उसके पति की हत्या की गई है और इसमें भट्ठा मालिक का हाथ है। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए जोरी के वशिष्ठ नगर थाने में लिखित आवेदन देकर हत्या का मामला दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। शुरुआती पूछताछ में साथ काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि रात में खाना-पीना खाकर विनोद सोया था, लेकिन रात में अचानक उसकी मृत्यु हो गई। मौत के सटीक कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चतरा के सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।