झारखंड : दिल्ली में कल्पना सोरेन को मिला ट्रेलब्लेजर अवार्ड, बोलीं-महिलाएं लाभार्थी नहीं, बदलाव की नायिका

Kalpana-Soren-Award-in-Delhi

रांची : ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026’ के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेजर्स अवार्ड’ से नई दिल्ली में सम्मानित किया गया। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।

सम्मान हर मंईयां को समर्पित : इस मौके पर कल्पना सोरेन ने कहा यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह झारखण्ड की हर मंईया और देश-दुनिया की उन अनगिनत महिलाओं का है जो अपने परिवार, समुदाय और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहीं हैं। आज महिलाएं व्यापार, खेल, अंतरिक्ष, विज्ञान, नवाचार और शासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बाधाओं को पार कर मुकाम हासिल कर रहीं हैं। वे केवल राज्य और देश के विकास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे इसे गति दे रहीं हैं।

हाशिए पर रहने वाली महिलाओं की आवाज सुनने की जरूरत : कल्पना सोरेन ने कहा कि विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज को सुनने और उन्हें अवसरों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से महिलाओं की ओर से बनाई जा रही आर्थिक स्थिरता और आत्मविश्वास की सराहना की।

सशक्तिकरण में निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए : कल्पना सोरेन ने अपनी हालिया लंदन यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे वैश्विक संस्थानों में पढ़ रही झारखण्ड की छात्राओं के जुनून और बाधाओं से जूझने के उनके दृढ़ संकल्प ने उन्हें भविष्य के प्रति अत्यधिक विश्वास और आशा से भर दिया है। सशक्तीकरण केवल समावेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि हर महिला को बढ़ने और नेतृत्व करने का समान अवसर मिले।