रांची : झारखंड की राजधानी रांची में पिज्जा खिलाकर इज्जत लूट ली। एक डेंटिस्ट को विश्वासघात का शिकार होना पड़ा। जमशेदपुर की रहने वाली पीड़िता रांची में रहकर मास्टर इन डेंटल सर्जरी (MDS) की तैयारी कर रही थी। उसे उसकी ही सहेली ने 9 अप्रैल को जन्मदिन की पार्टी में बुलाया था। शाम को शुरू हुई इस पार्टी का अंत एक भयावह अपराध के साथ हुआ। आरोप है कि पार्टी में मौजूद दानिश नाम के युवक ने पीड़िता को नशीला पदार्थ मिला पिज्जा खिलाया और उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पड़ोसी राज्य बंगाल से दबोच लिया।
सहेली की पार्टी में साजिश का जाल : घटना की शुरुआत 9 अप्रैल की शाम 5 बजे हुई जब पीड़िता अपनी सहेली के लालपुर स्थित घर पहुंची। पार्टी में कुल 5 लोग शामिल थे, जिनमें सहेली के अलावा तीन अन्य लड़के भी थे। रात 8 बजे केक काटने के बाद माहौल सामान्य था लेकिन डेंटिस्ट को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके साथ आने वाले घंटों में क्या होने वाला है।
नशीला पिज्जा खिलाने के बाद दरिंदगी : पीड़िता के अनुसार जब उसे भूख लगी तो आरोपी दानिश ने उसे पिज्जा लाकर दिया। पिज्जा खाते ही डेंटिस्ट की तबीयत बिगड़ने लगी और वो आराम करने के लिए एक कमरे में चली गई। इसी का फायदा उठाकर दानिश कमरे में घुस आया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन होश आने पर पीड़िता ने अपनी आपबीती सहेली को सुनाई।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती : घटना के बाद पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ती गई। 11 अप्रैल को उसके एक अन्य दोस्त शिवम ने उसे गंभीर स्थिति में ‘आर्किड अस्पताल’ में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना मिलने और पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद लालपुर पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने अपनी सहेली पर भी जानकारी होने के बावजूद मदद न करने का आरोप लगाया है।
बंगाल से दबोचा गया आरोपी दानिश : मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी आधार पर आरोपी दानिश का पीछा किया। वो गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल भाग गया था, लेकिन पुलिस की टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
