बिहार : गयाजी में पैसेंजर ट्रेन से उतरी युवती के साथ गैंगरेप, हिरासत में लिए गए पांच आरोपी

Gayaji-Belaganj-Gangrape-Train

गयाजी : बिहार में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री बनने के साथ ऐलान किया है कि महिलाओं और बच्चियों के साथ होने वाले अपराध में कोई कोताही नहीं चलेगी। उन्होंने डीएम- एसपी के साथ हुई बैठक में साफ कहा है कि किसी भी पीड़ित की तेरहवीं से पहले अपराधियों के फोटो पर माला पहनाने का काम पुलिस करेगी। लेकिन इसी बीच गयाजी से जो खबर आई है, वो चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि पुलिस इस मामले में जांच में जुटी है। पूरी घटना शुक्रवार शाम को बेलागंज पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। उसके बाद से पुलिस ने जांच शुरू की। अब पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

युवती से गैंगरेप : गयाजी जिले में 21-वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह वारदात शुक्रवार शाम को बेलागंज पुलिस थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई जब महिला पैसेंजर ट्रेन से उतरी। पुलिस अधीक्षक (नगर) कोटा किरण कुमार ने बताया कि यह घटना शाम 7.30 बजे से 8.30 बजे के बीच हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना अगले दिन दी गई। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी और अब तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

पांच आरोपी हिरासत में : उन्होंने बताया कि पीड़िता का चिकित्सा परीक्षण किया जा चुका है और उसे सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। हम फिलहाल हिरासत में लिये गए व्यक्तियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक (कानून और व्यवस्था) रवि प्रकाश ने बताया कि मामले को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। उधर, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। ध्यान रहे कि बिहार में अपराधियों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही जा रही है।