झारखंड : पलामू में तेज रफ्तार बाइक ओवरब्रिज रेलिंग से टकराई, शादी से लौट रहे दो दोस्तों की मौत

Palamu-Road-Accident-Bike

पलामू : झारखंड के पलामू जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रेडमा ओवरब्रिज पर रविवार देर की है। मिली जानकारी के मुताबिक रात के समय एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के आनंद कुमार और मिंशु कुमार के रूप में हुई है।

शादी समारोह से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा : मिली जानकारी के अनुसार, दो दोस्त आनंद और मिंशु लेस्लीगंज क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जश्न के बाद दोनों देर रात बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रेडमा ओवरब्रिज पर पहुंची, स्पीड ज्यादा होने की वजह से बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक गिरी और दूर तक घिसटते हुए चली गई। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल : हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टाउन थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम, जांच जारी : टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई है। पूरे चैनपुर इलाके में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।