मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित नरौली बाल आश्रय गृह से करीब 10 बच्चों के संदिग्ध परिस्थितियों में फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
आश्रय गृह में रह रहे 10 बच्चे गायब : बताया जा रहा है कि देर रात आश्रय गृह में रह रहे 10 बच्चे अचानक गायब हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दीवार फांदकर या किसी अन्य रास्ते से बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे आश्रय गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई सुरक्षा खामियां भी सामने आने की चर्चा है।
आश्रय गृह में कैंप कर रही मुसहरी पुलिस : घटना के बाद मुसहरी थाना पुलिस आश्रय गृह में कैंप कर रही है। वहां मौजूद अन्य बच्चों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे कब और कैसे फरार हुए। आश्रय गृह के अधीक्षक की ओर से मुसहरी थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
बच्चों की तलाश के लिए तलाशी अभियान : मुजफ्फरपुर जिले के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
बच्चों को जल्द सुरक्षित ढूंढ निकालना पुलिस की प्राथमिकता : एक साथ इतने बच्चों के फरार होने की घटना ने आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि कहीं इस घटना के पीछे किसी बाहरी गिरोह की भूमिका तो नहीं है, या फिर प्रबंधन की लापरवाही के कारण बच्चे भागने में सफल हुए। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता सभी बच्चों को जल्द सुरक्षित ढूंढ निकालना है।
