झारखंड : JMM विधायक कल्पना सोरेन पहुंची मुंबई, महिलाओं संग बेले पापड़; दिया कुटीर उद्योग वाला संदेश

Kalpana-in-Mumbai-Papad

रांची : झारखंड के मुख्ममंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और जेएमएम विधायक कल्पना सोरेन ने बीते दिन महाराष्ट्र के मुंबई का का दौरा किया था। मुंबई दौरे पर कल्पना सोरेन ने पापड़ बेलती नजर आईं थी। कल्पना सोरेन ने बुधवार को अपना वीडियो जारी करते हुए लिखा कि मातृशक्ति के प्यार से तैयार होता है हम सबका पसंदीदा पापड़। इसे बनाने वाली बहनों से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

कल्पना सोरेन ने महिलाओं संग बेले पापड़ : विधायक कल्पना सोरेन ने अपनी पोस्ट में तीन तस्वीरें भी शेयर की हैं। इनमें वह पापड़ के बड़े ब्रांड के प्रांगण में पापड़ बेलते दिख रही हैं। अपने पोस्ट में कल्पना सोरेन ने लिखा- ‘संघे शक्ति कलियुगे’, इस विचार को अगर किसी संस्था ने वास्तविक रूप दिया है, तो वह है श्री महिला गृह उद्योग, लिज्जत पापड़। महिलाओं की सामूहिक शक्ति, आत्मविश्वास और सहयोग से खड़ा हुआ यह संगठन आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।

गृह एवं कुटीर उद्योगों से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सकती है : जेएमएम विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि गृह एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को वास्तविक मजबूती प्रदान की जा सकती है। ‘डिस्ट्रिब्यूटेड प्रोडक्शन’ का यह मॉडल न केवल रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम है, बल्कि स्थानीय संसाधनों, कौशल और श्रम को सम्मान देने का भी सशक्त तरीका है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि इस सफल मॉडल को अन्य क्षेत्रों में भी व्यापक रूप से लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा जा सके।

सहकार से समृद्धि का सबसे बेहतर मॉडल : कल्पना सोरेन ने कहा कि मुंबई दौरे पर महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ के कामों को नजदीक से देखने, सीखने और समझने का अवसर मिला। महिलाओं के द्वारा, महिलाओं के लिए शुरू किया गया यह प्रयास महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सहकारिता का अद्भुत उदाहरण है। सहकार से समृद्धि का इससे बेहतर मॉडल शायद ही कहीं देखने को मिले।

इसके साथ ही हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने ऐलान कर दिया कि वो झारखंड में भी इस प्रकार की मुहिम को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगी, ताकि हजारों महिलाओं को जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक रोजगार से जोड़ा जा सके।