पटना : बिहार की राजनीति में ऐसा लग रहा है कि अचानक से कुछ बड़ा होने वाला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं की तेजस्वी की बजाय सम्राट चौधरी के साथ फोटो खींचने की चाहत बढ़ती जा रही है। वैसे, पूरा आरजेडी नेतृत्व यानी लालू यादव का परिवार इस समय दिल्ली में डेरा डाले हुए है। मौका है तेजस्वी यादव के बेटे इराज के पहले जन्मदिन का। इसकी भव्य पार्टी 27 मई को दिल्ली से सटे गाजियाबाद में होने वाली है।
इस पारिवारिक और सियासी जुटान के बीच, पटना में कुछ बड़ा होने वाला है। तेजस्वी यादव की बेहद करीबी रहीं और पार्टी की पूर्व फायरब्रांड प्रवक्ता रितु जायसवाल अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाली हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर अपनी जॉइनिंग की तारीख का आधिकारिक ऐलान किया।
गाजियाबाद में इराज का पहला बर्थडे : लालू यादव की चौथी बेटी रागिनी यादव के घर के पास 27 मई को तेजस्वी के बेटे का पहला जन्मदिन बेहद आलीशान तरीके से मनाया जाएगा। इस पार्टी के बहाने दिल्ली में विपक्ष के तमाम बड़े दिग्गजों का महाजुटान होने जा रहा है, जिसकी तैयारियों में खुद तेजस्वी यादव व्यस्त हैं।
बर्थडे पार्टी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की प्रबल संभावना है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और प्रधान महासचिव रणविजय साहू समेत पार्टी के नेताओं पहुंचने का निर्देश। आरजेडी सभी 25 विधायक, 15 विधान पार्षद, 3 राज्यसभा सांसदों को दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
खेसारी के बाद अनीता की सम्राट से मुलाकात : जब राजद का पूरा कुनबा दिल्ली में व्यस्त है, तब बिहार में पार्टी के कई बड़े चेहरे भाजपा नेताओं के संपर्क में दिख रहे हैं। हाल ही में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इसके तुरंत बाद नवादा के वारसलीगंज से राजद विधायक और अशोक महतो की पत्नी अनीता महतो ने भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इन मुलाकातों के बाद बिहार के राजनीतिक हलकों में कयासों का बाजार बेहद गर्म हो गया है।
BJP से रितु जायसवाल को मिला जॉइनिंग डेट : राजद महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मुखर वक्ता रितु जायसवाल ने आखिरकार तेजस्वी यादव का साथ छोड़ दिया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी जॉइनिंग की पूरी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि वे 26 मई 2026 को दोपहर 12:19 बजे से 1:09 बजे के बीच पटना स्थित भाजपा कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बेहद सादगीपूर्ण और गरिमामय तरीके से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगी।
टिकट कटने से थीं नाराज रितु जायसवाल : रितु जायसवाल, लालू-तेजस्वी की बेहद पसंदीदा नेताओं में से एक थीं। साल 2021 से 2023 तक वह राजद की मुख्य प्रवक्ता रहीं। 2020 में परिहार विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी पार्टी में उनका कद ऊंचा रहा। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें शिवहर से टिकट दिया, जहां वे बेहद कड़े मुकाबले में लवली आनंद से मात्र 29 हजार वोटों से हारीं और उन्हें 4.47 लाख वोट मिले। हालांकि, विधानसभा चुनाव में परिहार सीट से राजद ने उनका टिकट काटकर रामचंद्र पूर्वे की बहू को दे दिया। इससे नाराज होकर रितु ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और करीब 64 हजार वोट हासिल किए, जो राजद उम्मीदवार की हार की बड़ी वजह बना।
