रांची : झारखंड में रांची और हजारीबाग में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले राहुल दुबे गैंग के साथ शुक्रवार शाम मुठभेड़ के बाद पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक अपराधी को पैर में गोली भी लगी है। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो इलाके में हॉफ एनकाउंटर की घटना हुई, जिसमें राहुल दुबे गैंग के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी राहुल दुबे गिरोह के सदस्य कांके में वारदात को अंजाम देने के बाद शहर से फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल : पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने अपने एक अन्य साथी के सीठियों इलाके में आने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने रिंग रोड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मौके पर पहुंचे अपराधी ने पुलिस के देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई।
इससे पहले रांची के कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में रहने वाले कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर तड़के अपराधियों ने दहशत फैलाने के मकसद के अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता के देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और अपराधियों की तलाश तेज कर दी। इस बीच शाम में पुलिस को अपराधियों के सीठियो इलाके में छिपे रहने की सूचना मिली। लेकिन पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
कई हथियार और कारतूस बरामद : पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें चार से अधिक पिस्टल, कई राउंड जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की बाइक भी शामिल है। वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रहे हैं।
