नई दिल्ली : सीआईएसएफ के दो लाख से अधिक जवान और अफसर जल्द ही एयरपोर्ट, मेट्रो और संसद समेत अन्य फील्ड और ऑपरेशन के दौरान नई कॉम्बैट वर्दी में नजर आएंगे। जवान से लेकर सीआईएसएफ के डीजी तक की कॉम्बैट वर्दी में यह बदलाव इस दिवाली से शुरू होकर अगले साल 26 जनवरी तक फील्ड और ऑपरेशन ड्यूटी में लगने वाले तमाम जवानों और अफसरों के लिए हो जाएगा।
सीआईएसएफ की कॉम्बैट वर्दी में किए जा रहे इन बदलाव के तहत सीआईएसएफ ने 20 साल अपनी इस वर्दी में बदलाव किया है। कुछ जवान और अफसर नई वर्दी में नजर आने भी लगे हैं। लेकिन इसमें बड़े स्तर पर बदलाव दिवाली के बाद से शुरू होंगे। इससे पहले सीआरपीएफ और बीएसएफ में भी पुरानी कॉम्बैट वर्दी की जगह नई वर्दी लगाई गई थी। गृह मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद कॉम्बैट यूनिफॉर्म के लिए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि नई वर्दी को आधुनिक डिजिटल पैटर्न पर तैयार किया गया है। इसकी नकल करना मुश्किल है और सुरक्षा के लिहाज से भी यह कहीं अधिक सुरक्षित है।वर्दी में बदलाव दिवाली से शुरू होकर 26 जनवरी तक फील्ड ड्यूटी के जवानों के लिए होगा।
वर्दी की खासियतें : यह वर्दी चार-पांच कलर का कॉम्बिनेशन है। इसमें ऑलिप ग्रीन, खाकी ग्रीन, ब्राउन, हल्का ब्लैक शेड और अन्य कलर है। इसमें बड़े धब्बों की जगह छोटे-छोटे डिजिटल पिक्सेल जैसे डिजाइन होते हैं, जो अधिक लंबी दूरी से आंखों को धोखा देते हैं। इसमें अधिकतर सूती कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। यह वर्दी दुश्मन, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से जल्दी नजर नहीं आती। इसमें पसीना भी जल्द सूखता है। इसमें बेसबॉल कैप और सामने सीआईएसएफ का लोगो लगा होगा।
