चतरा : झारखंड के चतरा में सदर अस्पताल परिसर के एक विशाल पेड़ में भीषण आग लग गयी। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे की घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी.। जिसके बाद कई वार्ड के मरीजों को शिफ्ट किया गया।
बताया जाता है कि अस्पताल परिसर में अवस्थित एक विशाल पेड़ में आग लगने के बाद उसपर काबू पाने की कोशिश की गयी। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसी दरम्यान अस्पताल कर्मियों और मरीजों के परिजनों ने एहतियात बरतते हुए नवजात बच्चों को सुरक्षित दूसरे स्थान पर ले गए। वहीं इस अगलगी की घटना से पेड़ का आधा हिस्सा जल गया है। बाद में दमकल टीम की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित है और एक बड़ा हादसा टल गया।
