गुरुग्राम : राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में डबल मर्डर की घटना सामने आई है। पति ने पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना गुरुग्राम के अशोक विहार में हुई। इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है। यह घटना शनिवार देर रात को हुई। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद में यह घटना हुई है।
मौके पर हो गई दोनों की मौत : गुरुग्राम पुलिस के अनुसार अशोक विहार क्षेत्र में 50 साल के अनिल ने अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार अनिल पेशे से सिक्योरिटी ऑफिसर है जबकि उसकी पत्नी एक स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थी। पत्नी आशा (45) अपने बेटे प्रशांत (25) के साथ घर में थीं। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तमाम साक्ष्यों को इकट्ठा किया।
पारिवारिक विवाद में हत्या : पुलिस का कहना है कि दोहरे हत्याकांड की हर एंगल से जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि सिक्योरिटी ऑफिसर अनिल ने किसी पारिवारिक वजह से ही इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस की टीमें जांच कर रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अनिल ने अपनी प्रिंसिपल पत्नी और बेटे की हत्या की क्यों की? पुलिस ने पत्नी और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस घटना के बाद अशोक विहार में रहने वाले लोग भी सकते में हैं।
