रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ। राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरा कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हुई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इस बारिश से फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
कई जिलों में बारिश की संभावना : मौसम विभाग ने आज शनिवार को भी झारखंड के कई जिलों रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, दुमका, देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग और रामगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। कुछ स्थानों पर आंधी और वज्रपात की भी संभावना है, जबकि हवा की रफ्तार तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है ।
अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना : रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग कार्यालय के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत हैं।
चतरा में वज्रपात से दो सगी बहनों समेत तीन महिलाओं की मौत : झारखंड के चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड में शुक्रवार को बेमौसम बारिश के दौरान वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं की जान चली गई। इस प्राकृतिक आपदा में जहां एक व्यक्ति की दो पत्नियों (सगी बहनों) की मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में महुआ चुन रही एक महिला की जान चली गई।
पहली घटना मेराल पंचायत के जेहरा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, संजय भुइयां की दो पत्नियां, पूनम देवी और कल्याणी देवी (जो आपस में सगी बहनें भी थीं), अपने घर के आंगन में दैनिक कार्यों में जुटी थीं।इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ दो पत्नियों को खोने से संजय भुइयां का पूरा संसार उजड़ गया है।
दूसरी घटना पत्थलगड़ा के ही सिंघानी गांव की है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से शमा परवीन नामक महिला की मौत हो गई। गांव के लोग इस दोहरी त्रासदी से स्तब्ध हैं।
पलामू और हजारीबाग में भी आकाशीय बिजली गिरने से 2 की मौत : उधर, पलामू और हजारीबाग जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है और प्रभावित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है
