झारखंड : रांची से गुम हुई मासूम अदिति का शव नाले से बरामद, हादसा या साजिश… पुलिस छानबीन में जुटी

Ranchi-Aditi-Body-Kokar

रांची : झारखंड में राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर खोरहा टोली से रविवार को लापता हुई 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे का अंततः दुखद अंत हो गया। मंगलवार को पुलिस ने बच्ची का शव गाड़ीगांव इलाके के एक बड़े नाले से बरामद किया। इस खबर के फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रांची पुलिस की ओर से की गई थी 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा : बच्ची के लापता होने की सूचना रविवार को परिजनों की ओर से सदर थाने की पुलिस को दी गई थी। मामले की गंभीरता के देखते हुए रांची पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। रांची पुलिस की ओर से बच्ची का सुरान देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई थी।

इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी चिंता जताते हुए रांची पुलिस, रांची के उपायुक्त और झारखंड पुलिस को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था। जिसके बाद से पूरा पुलिस-प्रशासनिक महकमा अदिति को खोजने में जुटा था।

हादसे की जताई जा रही थी आशंका : इस बीच घर के पास मौजूद बड़े नाले के देखते हुए शुरू से ही हादसे की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों के अलावा एनडीआरएफ की टीम भी छानबीन में जुटी थी। पुलिस, परिजन और एनडीआरएफ की ओर से सोमवार से ही ड्रोन की मदद से नाले और आसपास के इलाके में बच्ची की तलाश की जा रही थी। वहीं बच्ची की मां मदर्स डे से सदमे में थीं।

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी : छानबीन के दौरान गाड़ीगांव स्थित नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह पूरी तरह से हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है।