झारखंड : चिरकुंडा नप अध्यक्ष सुनीता देवी को DDC ने दिलाई शपथ, नए उपाध्यक्ष बने विजय कुमार यादव

DhN-Chirkunda-Nagar-Parishad

धनबाद : झारखंड के धनबाद में चिरकुंडा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता देवी एवं सभी 21 वार्ड पार्षदों को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत समाहरणालय के तृतीय तल पर स्थित कमरा नंबर 314 – 315 स्थित सभागार में शपथ दिलाई।

सर्वप्रथम उन्होंने चिरकुंडा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता देवी को शपथ दिलाई। इसके बाद चिरकुंडा नगर परिषद के सभी 21 वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया गया। दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। तत्पश्चात विधि मान्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई। जबकि दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया। तत्पश्चात 1:45 बजे से 2:15 बजे तक मत पत्र की तैयारी की गई। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे से 3:00 बजे तक चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए मतदान किया गया। मतगणना के बाद निर्वाचन परिणाम की घोषणा की गई।

जिसमें विजय कुमार यादव विजय घोषित किए गए। चिरकुंडा नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई जियाऊल अंसारी ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र सौंपा। विजय कुमार यादव को 12 वोट प्राप्त हुए। जबकि दूसरे स्थान पर जियाउद्दीन को 9 वोट प्राप्त हुए। इसके बाद चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई जियाऊल अंसारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ कलियासोल जय प्रकाश नारायण, अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा, संदीप कुमार महतो, अजय कुमार महतो, राजेंद्र राय व सभी 21 वार्ड के पार्षद उपस्थित थे।