बिहार : औरंगाबाद आद्विक केस से बच्चा चोर गैंग का भड़ाफोड़, गायब हुआ 8 वर्षीय शिवम भी 4 साल बाद बरामद

Aurangabad-Child-Kidnapped-Police

औरंगाबाद : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। 4 साल पहले ओबरा देवी मंदिर से रहस्यमय तरीके से गायब हुआ 8 वर्षीय शिवम पांडेय आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया। 20 मई 2026 को औरंगाबाद पुलिस ने बच्चे को उसके परिवार को सौंप दिया। बेटे को सामने देखकर परिजनों की आंखों से आंसू निकल पड़े। जिस बच्चे के लौटने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, वह अचानक पुलिस की बड़ी कार्रवाई में जिंदा मिल गया।

आद्विक पाराशर की तलाश में जांच में जुटी पुलिस को गयाजी में मिला शिवम : दरअसल, यह पूरा खुलासा 19 मई को आद्विक अपहरण कांड की जांच के दौरान हुआ। 16 मई 2026 को ओबरा देवी मंदिर से अगवा किए गए आद्विक पाराशर की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गयाजी जिले के खरखुरा रोड इलाके से तीन बच्चे बरामद हुए। जांच में पता चला कि उनमें से एक बच्चा वही शिवम पांडेय है, जो साल 2022 में वट सावित्री पूजा के दिन ओबरा देवी मंदिर से गायब हो गया था।

2022 में गायब हो गया था शिवम : जानकारी के मुताबिक, 2022 में वट सावित्री पूजा के मौके पर मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी। उसी दौरान ओबरा निवासी अनूप पांडेय का बेटा शिवम अचानक लापता हो गया। परिवार ने हर जगह तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। मामला पुलिस तक पहुंचा, कई जगह छापेमारी हुई, लेकिन चार साल तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। धीरे-धीरे परिवार उम्मीद खो दिया था। उन लोगों ने उसे मृत मान लिया था।

आद्विक अपहरण केस की जांच ने पूरी कहानी बदल दी। मगध प्रक्षेत्र के IG विकास वैभव के निर्देश पर दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई। टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर गया में छापेमारी की, जहां से रंजू देवी नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया। वहीं से तीन बच्चों को भी बरामद किया गया।

शिवम को भी इसी गैंग ने उठाया था : पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चा चोर गिरोह मंदिर और भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाता था। शिवम को भी इसी गिरोह ने 2022 में अगवा किया था और पहचान छिपाकर गया में रखा गया। पुलिस ने DNA वेरिफिकेशन और परिजनों की पहचान के बाद पुष्टि की कि बरामद बच्चा शिवम पांडेय ही है। चार साल बाद बेटे को सामने देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

चार साल पहले बेटा लापता हो गया था। पुलिस पर भरोसा था, लेकिन समय के साथ उम्मीद कमजोर पड़ गई थी। आद्विक केस की जांच ने मेरे बेटे को वापस दिला दिया। -अनूप पांडेय, शिवम के पिता

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस : फिलहाल पुलिस बच्चा चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद अन्य बच्चों को कहां से लाया गया था और गिरोह अब तक कितने बच्चों को अपना शिकार बना चुका है।