धनबाद : झारखंड के धनबाद में उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सिविल सर्जन द्वारा गठित 6 सदस्यीय जांच टीम ने गुरुवार को अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे की निगरानी में सरायढेला के न्यू रिलीफ डायग्नोस्टिक सेंटर एवं तोपचांची के तोपचांची जांच घर में औचक निरीक्षण किया।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि सरायढेला के न्यू रिलीफ डायग्नोस्टिक सेंटर के विरुद्ध गंभीर शिकायत मिली थी। इसकी निष्पक्ष व गहन जांच के लिए एक छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि उक्त केंद्र में कतरास की एक गर्भवती महिला का अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण कराया गया था। भ्रूण लिंग परीक्षण के संदेह में उसकी जांच करते हुए अल्ट्रासाउंड मशीन को सील किया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई करने के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है। जबकि तोपचांची जांच घर, तोपचांची, में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन के मामले में अल्ट्रासाउंड मशीन सील किया गया।
जांच दल में कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, सदर अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अयोध्या कुमार, पीसी एंड पीएनडीटी समिति के सलाहकार व रेडियोलॉजिस्ट डॉ. तबरेज आलम, सहायक नोडल पदाधिकारी डॉ. विकास राणा, सहायक रविश चन्द्र सिन्हा व रत्नेश श्रीवास्तव, पूजा रत्नाकर शामिल रहे।
