भागलपुर : बिहार में भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में शनिवार देर शाम जमकर बवाल हुआ। दरअसल, मगही स्टार रौशन रोही और भोजपुरी अभिनेत्री-गायिका डिंपल सिंह एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही रौशन रोही ने स्टेज पर गीत गाना शुरू किया, वैसे ही भीड़ बेकाबू हो गई। कुछ युवक बैरिकेडिंग फांदकर स्टेज की ओर दौड़ पड़े। वहां मौजूद पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की, तो लोगों ने कुर्सियां और पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते बवाल मच गया। भीड़ बेकाबू होने लगी। इससे अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
हमरा पर लइकिन हो जाइहै दीवानी.. रौशन रोही के गीत गाते ही हंगामा शुरू : मिली जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में भागलपुर सहित आस पास के जिलों से लोग रौशन रोही और डिंपल सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। मैदान में क्षमता से ज्यादा भीड़ जुट गई थी। आगे मंच के पास बैठने के लिए की गई व्यवस्था खराब हो गई। इससे वहां लोग खड़े हो गए। उनके खड़े होने से पीछे खड़े दर्शकों को मंच दिखाई नहीं दे रहा था। जब रौशन रोही ने ‘हमरा पर लइकिन हो जाइहै दीवानी…’ गीत गाना शुरू किया, तो कुछ युवक बैरिकेडिंग फांदकर मंच की ओर दौड़ पड़े।
कुर्सियां तोड़ मंच की ओर फेंकने लगे लोग : उनके साथ कुछ और लोग भी मंच की ओर दौड़ने लगे। इसका आगे खड़े लोगों ने विरोध किया। इस पर हंगामा शुरू हुआ। आयोजक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वहां वीआईपी दीर्घा में लगी कुर्सियों को युवकों ने तोड़ा और मंच पर मौजूद कलाकारों की ओर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने जूते-चप्पल और पत्थर भी फेंके। इससे बाद मंच पर मौजूद लोगों ने सुरक्षा घेरा बनाकर रौशन रोही और डिंपल सिंह को सुरक्षित दूसरी जगह ले जाया गया।
बैरिकेडिंग टूट गई और सोफे बिखर गए : इधर हंगामे की सूचना पाते ही तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर मैदान से भीड़ को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और सोफे बिखर गए। लोग इधर से उधर भागने लगे। बिगड़ते हालात को देखते हुए रौशन रोही को अपना कार्यक्रम बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस घटना में कई लोग और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। स्थिति संभालने में पुलिस को करीब दो घंटे का समय लगा।
आयोजकों ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं ली: सदर एसडीओ : भागलपुर के सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि आयोजकों ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं ली थी। इसलिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं हो पाई। जैसे हंगामे की सूचना मिली, तिलकमांझी थाने के एसएसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मैदान को खाली कराया। एसडीओ ने बताया कि आयोजकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
