बंगाल : आज पहले चरण के तहत 152 सीटों पर वोटिंग, 1478 उम्मीदवार मैदान में; लगभग 3.61 करोड़ मतदाता

Bengal-Election-first-Phase

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर हो रहा है। भाजपा के ‘पाल्टानो दरकार, चाई बीजेपी सरकार यानी परिवर्तन’ और तृणमूल कांग्रेस के ‘आबार जीतबे बांग्ला’ के नारों के बीच सीधी टक्कर है। इस चरण में कुल 1478 उम्मीदवार मैदान में हैं और उत्तर बंगाल, जंगलमहल व राढ़ क्षेत्र को कवर करने वाली यह लड़ाई सत्ता की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।

पहले चरण का चुनावी गणित :

  • कुल सीटें : 152
  • कुल उम्मीदवार : 1478
  • कुल नामांकन : 1525
  • जिले : 16
  • अधिकतम उम्मीदवार : 15 (कूचबिहार दक्षिण,इटाहार)
  • न्यूनतम उम्मीदवार : 5 (चंद्रकोणा)

कड़ी सुरक्षा- परिंदा भी पर नहीं मार सके : निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 2,407 कंपनियां केंद्रीय बलों के साथ 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। सबसे ज्यादा बल मुर्शिदाबाद में तैनात किया गया है, जहां कुल 316 कंपनियां रहेंगी; इनमें 240 कंपनियां मुर्शिदाबाद पुलिस जिला और 76 कंपनियां जंगीपुर पुलिस जिला में तैनात होंगी। इस बार चुनाव केवल दो चरणों में कराया जा रहा है, जबकि 2021 में आठ चरणों में मतदान हुआ था। चुनाव आयोग का कहना है कि कम चरणों में पूरी प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है।

कितने मतदाता करेंगे मतदान? :

  • पहले चरण में कुल 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
  • 1 करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष
  • 1 करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं
  • 465 थर्ड जेंडर मतदाता

16 जिलों में मतदान, उत्तर से राढ़ तक फैला दायरा : पहले चरण में कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जैसे उत्तर बंगाल के जिले शामिल हैं। इसके अलावा मुर्शिदाबाद, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जैसे दक्षिण बंगाल के जिलों की सभी सीटों पर भी आज ही वोट डाले जाएंगे।

वोटरों का दिलचस्प गणित :

  • सबसे अधिक मतदाता : दासपुर – 2,96,045
  • पुरुष : 1,49,901
  • महिला : 1,46,142
  • सबसे कम मतदाता : समशेरगंज – 1,61,434
  • पुरुष : 78,004
  • महिला : 83,430

इन दिग्गजों की साख दांव पर : पहले चरण में कई बड़े चेहरों की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। नंदीग्राम से भाजपा के शुभेंदु अधिकारी, बहारामपुर से कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी और खड़गपुर सदर से भाजपा के दिलीप घोष प्रमुख मुकाबलों में हैं। इसके अलावा निशीथ प्रमाणिक, उदयन गुहा, गौतम देव, शंकर घोष, अग्निमित्रा पॉल, काजल शेख और मौसम बेनजीर नूर जैसे उम्मीदवारों पर भी नजर रहेगी।

  • सबसे अधिक पुरुष मतदाता : शीतलकुची – 1,51,129
  • सबसे अधिक महिला मतदाता : दासपुर – 1,46,142
  • सबसे कम पुरुष मतदाता : समशेरगंज – 78,004
  • सबसे कम महिला मतदाता : मोथाबाड़ी – 82,681

संवेदनशील जिलों में कड़ी निगरानी : सुरक्षा के लिहाज से आयोग ने 16 में से सात जिलों; मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्धमान; को सबसे संवेदनशील माना है। इन इलाकों में पिछले 15 वर्षों के चुनावी हिंसा के रिकॉर्ड को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है। किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए 2,193 क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई हैं।

बूथों पर वेबकास्टिंग से नजर : राज्य के लगभग सभी बूथों को संवेदनशील माना गया है, जिनमें से करीब 8500 बूथ अति संवेदनशील हैं। लगभग 1500 बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मतदान से एक रात पहले ही सभी केंद्रों पर कैमरे चालू कर दिए गए हैं, जो वेबकास्टिंग के जरिए सीधे आयोग के कंट्रोल रूम से जुड़ गए हैं।