पटना : बिहार के गौरवशाली इतिहास का जश्न मनाने के लिए राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह सज चुका है। 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग होकर एक स्वतंत्र राज्य के रूप में अस्तित्व में आने की याद में आयोजित ये ‘बिहार दिवस’ समारोह राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भविष्य के संकल्पों का प्रतिबिंब है। आज शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस तीन दिवसीय उत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस दौरान शिक्षा विभाग के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के स्टालों के माध्यम से ‘उन्नत बिहार’ की झलक पेश की जाएगी, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। नवभारत टाइम्स के इस पेज पर आपको बिहार-झारखंड की तमाम बड़ी और अहम खबरें मिल रही हैं। लेटेस्ट अपडेट के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें।
बिहार दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम के अंतर्गत कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग की तरफ से महिला एवं बाल विकास निगम को नोडल एजेंसी के रूप में नामित किया गया है।
बिहार दिवस पर सीएम नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु समस्त बिहारवासियों का आह्वान किया। बिहार दिवस प्रत्येक साल 22 मार्च को मनाया जाता है, जो बिहार राज्य के गठन का प्रतीक है। 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रांत के बिहार और उड़ीसा डिवीजनों को अलग करके ब्रिटिश भारत में बिहार और उड़ीसा प्रांत बनाया गया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव बनाए रखते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।
बिहार दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम यानी पटना गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे, जबकि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर ने अपनी टीम के साथ तैयारियों का अंतिम निरीक्षण कर लिया है।
बिहार दिवस की थीम इस साल विशेष रूप से राज्य की प्रगति और नवाचार पर केंद्रित है। गांधी मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भव्य पंडाल और स्टाल लगाए गए हैं, जहां आम जनता को जन-कल्याणकारी योजनाओं और राज्य की विकास यात्रा की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
पटना गांधी मैदान का मुख्य मंच बॉलीवुड के मशहूर गायकों की आवा से गूंजेगा। आज (रविवार) प्रसिद्ध गायिका सोना मोहपात्रा अपने गीतों से शमा बांधेंगी। सोमवार को शान और मंगलवार को पापोन की सुरमयी प्रस्तुति दर्शकों का मनोरंजन करेगी, जिससे उत्सव की भव्यता और बढ़ जाएगी।
पटना के गांधी मैदान के अलावा श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल और रविन्द्र भवन में भी विशेष कार्यक्रम होंगे। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक, मलिक ब्रदर्स और पंडित रामजी मिश्रा शास्त्रीय संगीत की गरिमा को जीवंत करेंगे। मंगलवार को अलोक राज के संयोजन में गजल और मुशायरा सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
बिहार अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। 24 मार्च तक चलने वाले इस उत्सव के माध्यम से राज्य सरकार नई पीढ़ी को बिहार के गौरवशाली अतीत से परिचित कराने और एक सशक्त राज्य के निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास कर रही है।
