झारखंड : गोड्डा में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू हाइवा ने बुलेट सवार दोस्तों को कुचला 

Godda-Accident

गोड्डा : जिले के महागामा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में रविवार की सुबह हृदय विदारक घटना में बुलेट सवार दो युवकों की सड़क पर ही मौत हो गई। हादसे के आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया है। मृतकों में 30 वर्षीय विपिन कुमार और 21 वर्षीय सत्यम कुमार शामिल है। विपिन बिहार के कटिहार का रहने वाला था, वहीं सत्यम स्थानीय नुनाजोर का निवासी था। दोनों में गहरी मित्रता थी।

रविवार की सुबह दोनों दोस्त बुलेट से गोड्डा से महागामा जा रहे थे। गम्हरिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित हाइवा ने बुलेट सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना महागामा थाना क्षेत्र के गोड्डा -महागामा राष्ट्रीय राजमार्ग 133 पर हुई। हादसे में युवकों की मौत के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विपिन कुमार जो कटिहार (बिहार) का रहने वाला है जबकि 21 वर्षीय सत्यम कुमार यादव नूनाजोर का रहने वाला है।

बताया जाता है कि दोनों दोस्त थे जो किसी काम से बुलेट में सवार होकर महागामा की ओर जा रहे थे। हाइवा ने दोनों युवकों को कुचल दिया जिससे मौके पर ही दोनों युवक की मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना से आक्रोषित लोगों ने तेज रफ्तार हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग पर अड़े हुए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थल पर दर्जनों घटनाएं हो चुकी है जिसमें करीब आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही महागामा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल महागामा ले गई।

जहां स्वजन एवं सगे-संबंधियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्वजनो के चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। अस्पताल में देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी जो भी देखने जाता उसकी भी आंखे नम हो जाती थी। महागामा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुघर्टनाओं से लोग काफी डरे सहमे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप था अवैध तस्करी में बेलगाम वाहन चलते हैं।