झारखंड : MDS छात्रा दुष्कर्म मामले में दानिश और फहद गिरफ्तार, पार्टी में नशीला पदार्थ खिलाकर रेप का आरोप

Ranchi-MDS-Student-Rape

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. दानिश और उसके सहयोगी मो. फहद मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी खड़गपुर से भागने की कोशिश में थे : पुलिस ने इन्हें पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे भागने की फिराक में थे। इसके अलावा, घटना की साजिश में शामिल छात्रा की सहेली को भी रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है।

रांची के सीनियर एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों का पीछा किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। इस टीम का नेतृत्व कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर कर रही थीं।

बर्थडे पार्टी के दौरान दुष्कर्म : पीड़िता के बयान के अनुसार, यह वारदात बीते 9 अप्रैल को रांची के हरमू स्थित गोकुल वाटिका अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान हुई। छात्रा को उसकी सहेली ने यह कहकर बुलाया था कि पार्टी में अन्य लड़कियां भी शामिल होंगी।

केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ खाने से छात्रा बेहोश हुई : आरोप है कि पार्टी में दिए गए केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसे खाने के बाद छात्रा बेहोशी की अवस्था में चली गई। इसी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी मो. दानिश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद अगली सुबह जब छात्रा की हालत बिगड़ी और रक्तस्राव शुरू हुआ, तो उसे रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हिन्दपीढ़ी और लोअर बाजार के हैं आरोपी, एक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर : पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 27 वर्षीय मो. दानिश (निवासी हिन्दपीढ़ी) और 27 वर्षीय मो. फहद मल्लिक (निवासी लोअर बाजार) शामिल हैं। इनके साथ ही पुलिस ने जगरनाथपुर की रहने वाली 26 वर्षीया ओली विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया है, जिस पर घटना में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी शादाब की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वह शिकंजे में होगा।