रांची/पटना : बिहार-झारखंड समेत देशभर में मौसम का मिजाज बड़ी तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के सक्रिय होने से मई की शुरुआत आंधी और पानी के साथ हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के बड़े हिस्से में मौसमी उथल-पुथल बनी रहेगी। जहां एक ओर बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है, वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी का प्रकोप भी जारी रहेगा। यह बदलाव विशेष रूप से कृषि क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
झारखंड के साथ मध्य भारत में भी दिखेगा असर : बिहार के साथ-साथ झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम मिलाजुला रहेगा। झारखंड और बिहार में स्थानीय स्तर पर अचानक आंधी आने की पूरी संभावना है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने से उमस में कमी आएगी, लेकिन अचानक आने वाले तूफान से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
- रांची में जोरदार बारिश का अनुमान, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं।
- रांची और उसके आस-पास के जिलों में आज झमाझम बारिश से सतर्क रहने की अपील।
- मौसम विभाग की ओर से तेज हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- झारखंड में आंधी-बारिश से ज्यादा ठनका (वज्रपात) बचने की सलाह दी गई है।
15 राज्यों में मूसलाधार बारिश अलर्ट : मौसम विभाग की ताजा प्रेस रिलीज के अनुसार, 2 मई से 5 मई के बीच देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। निचले स्तर की हवाओं और वायुमंडलीय प्रणालियों के मिलन के कारण बिहार-झारखंड समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। इस दौरान बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
बिहार में मौसम मौसम मचाएगा तांडव : बिहार के लिए आने वाले घंटे काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। राज्य के करीब 20 प्रमुख जिलों में मूसलाधार बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का अनुमान है। पटना, मुजफ्फरपुर और गया जैसे शहरों में मौसम विभाग ने लोगों को बिना वजह बाहर न निकलने की सलाह दी है। हालांकि, इस बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो भीषण गर्मी से राहत दिलाएगा।
बिहार के इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा :
- पटना, गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर सहित करीब 20 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
- गया, नालंदा, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी में सावधानी की अपील
- पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, भागलपुर और बेगूसराय में बारिश के साथ ठनका की चेतावनी है
- बिहार के इन सभी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
- पटना में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।
- बिजली गिरने (Lightning) की पूरी आशंका, किसानों को खुले खेतों से दूर रहने के निर्देश।
