झारखंड : धनबाद के प्रवासी कामगार का शव सऊदी से लाया जाएगा, जिला प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ

Dhanbad-Saudi-Body-Sindri

धनबाद : झारखंड में धनबाद जिला प्रशासन ने एक प्रवासी कामगार के शव को सऊदी अरब से वापस लाने के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस प्रवासी कामगार की सऊदी अरब के जेद्दा में मौत हो गयी।

क्या बोले आयुक्त? : धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सिंदरी प्रखंड के मनोहर टांड निवासी 40 वर्षीय चंदेश्वर कुमार के परिवार ने शव को वापस लाने के लिए आवश्यक अधिकृत डीलर (एडी) कोड प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करने के बाद प्रशासन से संपर्क किया था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा अधिकृत बैंकों द्वारा जारी किया गया एडी कोड सीमा शुल्क निकासी और आयात एवं निर्यात की प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण होता है। कुल मिलाकर परिजनों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि वो लोग बहुत परेशान थे। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि मदद कैसे मिलेगी। इस बीच जिला प्रशासन उनके लिए भगवान बनकर खड़ा हुआ है। वहीं दूसरी ओर जिले के लोग भी प्रशासन के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।

प्रशासन करेगा मदद : रंजन ने शनिवार को बताया कि परिवार को 12 फरवरी को चंदेश्वर की मृत्यु की सूचना मिली और उन्होंने बताया कि स्थानीय बैंकों से एडी कोड प्राप्त करने में उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से संपर्क किया और मैंने सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार को इस मुद्दे को तत्काल हल करने और परिवार की सहायता करने का निर्देश दिया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, कुमार जुलाई 2025 में एक निजी धातु कारखाने में काम करने के लिए जेद्दा गए थे। उनके इस साल जनवरी में घर लौटने की उम्मीद थी। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हालांकि, बाद में उन्हें उनकी मौत की सूचना मिली और मृत्यु प्रमाणपत्र मिला। ध्यान रहे कि प्रवासी मजदूरों की मौत के बाद उनके शव को लाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है लेकिन प्रशासन की ओर से मदद मिल जाने से परिजनों की राह आसान हो जाती है। परिजन राहत की सांस लेते हैं।