होर्मुज स्ट्रेट : ईरान  के समुद्री क्षेत्र में फंसे 36 जहाजों को निकालेगा भारत, नौसेना के युद्धपोत करेंगे एस्कॉर्ट?

Iran-War-Indian-Navy-Action

नई दिल्ली : ईरान और इजरायल-अमेरिका युद्ध की वजह से होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में भारत के 36 जहाज फंसे हुए हैं। अब भारत सरकार भारतीय झंडों वाले इन जहाजों को सुरक्षित निकालकर लाने के विकल्पों पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि इनमें से एक सुरक्षित विकल्प भारतीय नौसेना के द्वारा उन्हें एस्कॉर्ट करते हुए सुरक्षित निकाल कर लाने का विकल्प भी शामिल है।

सरकार के अनुसार फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट में फंसे सभी भारतीय जहाज सुरक्षित हैं और उनके पास किसी भी चीज की किल्लत नहीं है। लेकिन, भयानक युद्ध की वजह से इन जहाजों को बहुत ही सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ रहा है, जिसमें अथॉरिटी स्तर पर लगातार हालात की जानकारी साझा करना भी शामिल है।

होर्मुज स्ट्रेट के पास भारतीय युद्धपोतों की हो सकती है तैनाती : एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि भारत सरकार फारस और ओमान की खाड़ी के बीच फंसे जहाजों को लाने के लिए भारतीय नौसेना के जहाजों को भेज सकती है। नौवहन उद्योग के सूत्रों के अनुमान के मुताबिक उस क्षेत्र में जितने तेल टैंकर और गैस कैरियर फंसे हुए हैं, उनमें से लगभग 10% भारतीय हैं।

इन व्यापारिक जहाजों में सरकारी कंपनी शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के जहाज भी शामिल हैं। यही नहीं दुनिया भर के व्यापारिक जहाजों में काम करने वाले भारतीयों की संख्या को देखते हुए इस क्षेत्र में हजारों भारतीय नाविक के भी फंसे होने का अनुमान है।

2019 में ऑपरेशन संकल्प लॉन्च कर चुकी है भारतीय नौसेना : अगर भारत सरकार होर्मुज स्ट्रेट में अपनी नौसेना भेजने का फैसला लेती है तो यह पहली बार नहीं होगा और इंडियन नेवी को ऐसे ऑपरेशन का लंबा अनुभव रहा है। 19 जून, 2019 को भारतीय नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट, अदन की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में फंसे अपने जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ‘ऑपरेशन संकल्प’ लॉन्च किया था।

भारत को इस वजह से उस क्षेत्र में युद्धपोत भेजने पड़े थे, क्योंकि कुछ व्यापारिक जहाजों पर हमले हुए थे। तब भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तलवार लंबे समय तक खाड़ी क्षेत्र में तैनात रहा। भारतीय नौसेना की सुरक्षा में तब रोजाना औसतन 16 भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकाला जाता था।

भारतीय नौसेना के अन्य समुद्री सुरक्षा ऑपरेशन : इसी तरह से हूती विद्रोहियों के हमले से भारतीय व्यापारिक जहाजों और भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए भी भारतीय नौ सेना बड़े ऑपरेशन को अंजाम देती रही है।
इनके अलावा सोमालिया के समुद्र डाकुओं से भारतीय जहाजों और भारतीयों की रक्षा के लिए भी इसी तरह के अभियान चलाए जा चुके हैं।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान का स्टैंड : ईरान की ओर से पहले यह कहा जा चुका है कि उसने होर्मुज स्ट्रेट को सिर्फ अमेरिका, इजरायल, यूरोप और अमेरिका के पश्चिमी सहयोगियों के लिए बंद किया है। ईरान के उप-विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने उसके बाद नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग के दौरान भी कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को बंद नहीं किया गया है।

अब भारत सरकार की ओर से सूत्रों ने जानकारी दी है कि ईरान ने वादा किया है कि वह फारस की खाड़ी में पड़ोसियों को निशाना नहीं बनाएगा। इससे फंसे हुए भारतीय जहाजों को एक भरोसा मिला है कि वह होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजर सकते हैं।