हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में सराय ग्राम स्थित एक घर में पानी की टंकी में सांप दिखने से हड़कंप मच गया। परिवार वालों को पानी की टंकी में 27 सांप के बच्चे घूमते हुए दिखाई दिए। जिससे सब लोग दहशत में आ गए। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग की दी। जिसके बाद टीम ने उन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय ग्राम स्थित एक घर में पानी की टंकी में परिवार वालों को अचानक कई सांप रेंगते हुए दिखाई दिए। इतने सारे सांपों को देखकर वे डर गए। ये खबर आसपास के इलाके में भी फैल गई। मौके पर लोगों का जुटना भी शुरू हो गया। सोशल मीडिया में भी इस घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं।
स्नेक मैन तालिब और भोला ने किया रेस्क्यू : इतने सारे सांप देखकर हर कोई डर गया। इस बीच वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति को संभाला। स्नेक मैन तालिब और भोला ने इन सभी सांप के बच्चों का रेस्क्यू ऑपरेशन कर उन्हें उचित जगह पर छोड़ दिया। स्नेक मैन ने बताया कि ये ‘ चेकर्ड कीलबैक ’ प्रजाति के सांप हैं, जिन्हें आमतौर पर पानी का सांप भी कहा जाता है।
क्या होते हैं चेकर्ड कीलबैक : चेकर्ड कीलबैक को एशियाई जल सांप के नाम से भी जाना जाता है। यह एक मध्यम आकार का विषहीन सांप है जो एशिया की मूल प्रजाति है। ये अधिकतर मीठे जल के आवास, जैसे- तालाब, दलदल व चावल के खेत में पाए जाते हैं। इसका शरीर पतला एवं लंबा होता है जिससे यह फुर्तीला व तेज़ है। इसकी औसत लंबाई लगभग 3-4 फीट होती है तथा इसका वजन 200-500 ग्राम के बीच होता है।
कैसे दिखता है चेकर्ड कीलबैक : इसका शरीर मोटा होता है और ऊपरी भाग पर कीलनुमा शल्कों से ढका होता है। इसका रंग जैतूनी-भूरा, जैतूनी-हरा या पीला होता है जो प्राय: काले धब्बे के साथ होता है। कभी-कभी यह लाल रंग का भी होता है। इसका निचला भाग सफेद या हल्का पीला होता है। इसका सिर नुकीला व गर्दन से थोड़ा चौड़ा होता है। इसका आहार मुख्यतः मछली, मेंढक व छोटे सरीसृप हैं।
