Weather Updates : आज 23 अप्रैल को बिहार-झारखंड में रहेगा भीषण गर्मी, रांची-जमशेदपुर में लू का येलो अलर्ट

Weather-Updates-23-April

रांची/पटना : उत्तर और मध्य भारत के राज्य बिहार, झारखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून जैसी बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर से सटे बिहार के जिलों में थोड़ी राहत है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और अधिक बिगड़ने वाला है। 13 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। आंधी की आशंका जताई गई है। विशेष रूप से बिहार और झारखंड में लू के साथ-साथ अचानक होने वाली बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

झारखंड में 23 अप्रैल का मौसम अपडेट : झारखंड में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का कहर जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। डाल्टनगंज 43.8 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, राजधानी रांची में पारा 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर और बोकारो समेत आठ जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार है। मौसम विभाग ने 23 अप्रैल तक ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि, 24-25 अप्रैल से मेघ गर्जन और हल्की बारिश के साथ राहत की उम्मीद है। विशेषज्ञों ने दोपहर 10 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी लेने की सलाह दी है।

बिहार-झारखंड में लू और आंधी का डबल अटैक : बिहार और झारखंड में मौसम की लुका-छिपी जारी है। 23 अप्रैल को इन राज्यों में मिला-जुला मौसम रहने की उम्मीद है। IMD ने अगले 4-5 दिनों के लिए अपडेट जारी करते हुए बताया है कि भीषण गर्मी के बीच अचानक आंधी-तूफान दस्तक दे सकता है। राजधानी पटना में तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है।

डुमरांव में पारा 44 पार, पूर्णिया-कटिहार में राहत : बिहार के जिलों में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। बक्सर जिले के डुमरांव में तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक है। हालांकि, बिहार के सीमावर्ती जिलों जैसे किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है, जिससे वहां हल्की राहत की उम्मीद है। पूर्वोत्तर राज्यों में बदले मौसम का असर यहां तक पहुंच रहा है।

आने वाले दिनों के लिए राहत की उम्मीद : भले ही वर्तमान में गर्मी का सितम जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने 23 अप्रैल के बाद बिहार में मौसम बदलने की भविष्यवाणी की है। धूल भरी आंधी और बारिश के कारण पारे में गिरावट आ सकती है। हालांकि, विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी के दौरान घरों से बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए नागरिक मौसम अपडेट देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

मौसम विभाग की ओर से क्या कहा गया? :

  • बिहार, झारखंड और असम समेत 13 राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट।
  • मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किमी/घंटा तक रह सकती है।
  • बिहार के अधिकांश जिलों में 22-23 अप्रैल तक लू (Heatwave) का प्रकोप बना रहेगा।
  • अगले 3 दिनों के भीतर बंगाल से सटे झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।