रांची : झारखंड के संताल और कोल्हान प्रमंडल में मानसून के दस्तक देने के बाद इसकी रफ्तार में कमी आ गयी है। मौसम विज्ञान केन्द्र ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि यह अगले चार से पांच दिनों के अंदर राज्य के कुछ अन्य जिलों में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। मौसम केन्द्र के अनुसार राज्य में 20 जून तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान तेज आंधी और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गयी है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 जून को राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़ शेष हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की और मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से 11 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश की संभावना : रांची मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिणी, मध्य और पूर्वी जिलों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्मी और उमस का असर अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिल सकता है।
50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना : रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। कुछ जिलों में भारी बारिश और 50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश के बावजूद कई इलाकों में उमस भरी गर्मी : मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने के कारण उमस भरी गर्मी महसूस हो सकती है। खासकर पलामू प्रमंडल के इलाकों में दिन का तापमान अन्य जिलों की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। इन जिलों का अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
