बिहार : किशनगंज से 4 नाबालिग लड़कियां एक साथ गायब, मदरसा जाने के लिए निकली थीं

Kishanganj-Missing-Minor-Girls-Madarsa

किशनगंज : बिहार के किशनगंज शहर से एक शॉकिंग खबर सामने आई है। यहां चार नाबालिग लड़कियां एक साथ गायब हो गई हैं। किशनगंज में एक साथ चार नाबालिग लड़कियों के गायब होने से हड़कंप मच गया। इस मामले में परिजनों ने मंगलवार को सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। घटना सदर थाना क्षेत्र के हलीम चौक की है। बताया जाता है कि यहीं से एक साथ चार नाबालिग लड़कियां गायब हुई हैं।

मदरसा जाने के लिए घर से निकलीं थी नाबालिग लड़कियां : पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह करीब 7:30 बजे के आसपास हलीम चौक निवासी एक व्यक्ति की 13 वर्षीय भांजी मदरसा जाने के लिए घर से निकली थी। इसी समय खगड़ा बिलातीबाड़ी वार्ड क्षेत्र की तीन अन्य नाबालिग लड़कियां भी अपने घरों से निकलीं थी। इसके बाद चारों लड़कियां वापस नहीं लौटी। गायब होने वाली सभी नाबालिग लड़कियों की उम्र 12 से 14 वर्ष के बीच है।

कोलकाता जाने के लिए खरीदा गया ट्रेन का टिकट : इधर नाबालिग लड़कियों के गायब होने से उनके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गायब होने वालीं लड़कियों के साथ एक 10 साल की बच्ची भी थी। चारों ने उसे किशनगंज रेलवे स्टेशन से वापस भेज दिया था। घर लौटी 10 साल की बच्ची ने बताया कि चारों लड़कियों ने एक ई-रिक्शा ड्राइवर की मदद से रेलवे स्टेशन से कोलकाता जाने का टिकट खरीदा था। लड़कियों ने उसे घर भेजने से पहले 200 रुपये दिए थे।

लड़कियों से बात कराई, फिर काट दिया कॉल : परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोपहर में एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कुछ देर के लिए गायब हुई नाबालिग लड़कियों से बात कराई थी, लेकिन जब परिजनों ने पूछा कि वो कहां है, कहां से बात कर रही हैं तो कॉल काट दिया। इसके बाद से लड़कियों के घरवालों की टेंशन और बढ़ गई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस : घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ खुसरो सिराज ने भी पूरे मामले की जानकारी ली।

SDPO खुसरो सिराज ने बताया कि नाबालिग लड़कियों की बरामदगी के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। रेलवे पुलिस और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर बच्चियों की तलाश में जुटी है।