झारखंड : पलामू के एक परिवार के 6 सदस्य की RIMS में मौत, भयभीत 7वां सदस्य हुआ सदर अस्पताल में भर्ती

Palamu-RIMS-Death-Six-Member

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में बीते दिनों एक ही परिवार के 6 सदस्यों की एक बीमारी के चलते मौत हो गई। सभी सदस्यों का राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में इलाज चल रहा था। वहीं अब 7वां सदस्य भी उसी बीमारी से ग्रसित है, लेकिन उसके अंदर रिम्स को लेकर डर इस कदर बैठ गया कि वो इलाज के लिए वहां नहीं जाना चाहता था। हालांकि पूर्व विधायक ने पीड़ित व्यक्ति को काफी समझाया और फिर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवा दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

7वें सदस्य ने रिम्स ने इलाज कराने से किया इनकार : मिली जानकारी के मुताबिक, मामला पलामू जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव का है। यहां बीते दिनों एक ही परिवार के छह सदस्यों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 6 सदस्यों की मौत के बाद परिवार के 7वें सदस्य में इतना डर बैठ गया कि उसने रिम्स में इलाज कराने से मना कर दिया।

पूर्व विधायक ने 7वें सदस्य को समझाकर सदर अस्पताल में कराया भर्ती : घटना की जानकारी मिलने पर बसपा के पूर्व विधायक शशि भूषण मेहता बीमार व्यक्ति से मिले और उसे काफी समझाने के बाद पलामू सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शशि भूषण मेहता ने बताया कि पलामू सदर अस्पताल के उपाधीक्षक विमलेश सिंह के संपर्क कर मरीज के बारे में बात की। डॉक्टरों की एक टीम बना दी गई है। परिवार में बचे एक मात्र सदस्य का ब्लड कम होता जा रहा है। मरीज को आज भी ब्लड डोनेट किया है।

रिम्स में इलाज के दौरान अज्ञात बीमार से 6 सदस्यों की मौत- पूर्व विधायक : इस दौरान पूर्व विधायक ने सरकार पर भी निशाना साधा। शशि भूषण मेहता ने कहा कि एक परिवार के 6 सदस्य अज्ञात बीमारी से मर गए, लेकिन सरकार की ओर से या जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता के लिए कोई नहीं पहुंचा। उन्होंने पलामू उपायुक्त और राज्य सरकार से परिवार के बचे 7वें सदस्य को आर्थिक सहायता देने की मांग की।