झारखंड : पहली बार रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज के बीच चलेगी शटल ट्रेन, मुख्यालय को भेजा गया प्रस्ताव 

Train-Jharkhand-Ranchi-Daltonganj

रांची : झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची-लोहरदगा-डालटनगंज मार्ग पर पहली बार शटल ट्रेन चलाने का ऐतिहासिक प्रस्ताव तैयार किया है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि आम यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला बोझ भी घटेगा। रांची रेल मंडल ने इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेज दिया है, जहां से हरी झंडी मिलते ही यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।

रात को डालटनगंज से खुलेगी ट्रेन, सुबह पहुंचेगी रांची : प्रस्तावित समय सारणी के अनुसार, यह शटल ट्रेन रात 11 से 12 बजे के बीच डालटनगंज (मेदिनीनगर) से प्रस्थान करेगी। रास्ते के विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए यह सुबह लगभग 6 बजे रांची पहुंचेगी। रेलवे की योजना इस रूट पर प्रतिदिन दो ट्रिप चलाने की है। इससे सबसे अधिक लाभ उन दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को होगा जिन्हें काम के सिलसिले में सुबह-सुबह राजधानी पहुंचना होता है।

क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार : रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस शटल सेवा के शुरू होने से लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा जैसे क्षेत्रों के लोगों के लिए रांची की राह आसान हो जाएगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय व्यापार के क्षेत्र में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। स्थानीय लोगों को अब बस या निजी वाहनों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी, जिससे उनका सफर सुरक्षित और सस्ता होगा।

रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज के बीच पहली बार शटल ट्रेन का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। अनुमति मिलते ही परिचालन शुरू होगा। यह सेवा डालटनगंज और आसपास के लोगों के लिए वरदान साबित होगी और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को सुलभ बनाएगी। करुणानिधि सिंह, डीआरएम, रांची रेल डिवीजन

हजारीबाग के लिए भी शटल सेवा की तैयारी : सिर्फ डालटनगंज ही नहीं, रांची रेल मंडल हजारीबाग के यात्रियों के लिए भी योजना बना रहा है। रांची-हजारीबाग वाया मेसरा रूट पर भी शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही मुख्यालय भेजा जाएगा। इन नई सेवाओं के विस्तार से पूरे क्षेत्र का रेल नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।